महाकुंभ: बसंत पंचमी पर अखाड़ों का अमृत स्नान आज, संतों ने संगम में लगाई डुबकी

महाकुंभ: बसंत पंचमी पर अखाड़ों का अमृत स्नान आज, संतों ने संगम में लगाई डुबकी
आज बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ में सभी साधु-संत व श्रद्धालु सुबह से ही त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा रहे हैं। आज शाही अमृत स्नान के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने स्नान किया। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार सुबह 8 बजे तक 62.25 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। 2 फरवरी तक 34.97 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। महाकुंभ 2025 का अंतिम अमृत स्नान आज बसंत पंचमी के अवसर पर हो रहा है।
#WATCH प्रयागराज, उत्तर प्रदेश | बसंत पंचमी के अवसर पर श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं।
महाकुंभ 2025 13 जनवरी को शुरू हुआ था, 26 फरवरी तक चलेगा।#MahaKumbh2025 pic.twitter.com/Qz81E6Daeg
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 3, 2025
डीआइजी वैभव कृष्ण ने कहा,’व्यवस्था बहुत अच्छी है और आज भीड़ नियंत्रण आज हमारा काफी अच्छा है। सभी अखाड़ों का स्नान सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है और समय से पहले ही संपन्न हो रहा है. तीन अखाड़ों का स्नान अभी तक हो चुका है। महानिर्वाणी अखाड़ा, निरंजनी अखाड़ा और जूना अखाड़े ने सफलतापूर्वक स्नान कर लिया है और अन्य अखाड़े भी सफलतापूर्वक स्नान करेंगे।
गौरतलब है कि रविवार सुबह 12 बजे तक 88.83 लाख श्रद्धालु गंगा और संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके थे, जबकि 13 जनवरी से अब तक कुल 33.61 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया है। रविवार सुबह, एडीजी भानु भास्कर ने मेला प्राधिकरण भवन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र, चौराहों और प्रवेश स्थलों की निगरानी की और घाटों से भीड़ को व्यवस्थित रूप से हटाने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से निर्देश दिए।
बता दें कि मौनी अमावस्या स्नान पर हुई भगदड़ की घटना के बाद, शनिवार को प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन को बसंत पंचमी स्नान के दौरान शून्य त्रुटि के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ऐसे में 15 जिलों के डीएम को सुरक्षा में तैनात किया गया है।





