
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी आज अपना 44वां स्थापना दिवस मना रही है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है.
आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है#BJPSthapnaDiwas @narendramodi pic.twitter.com/InNGeOxfUs
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) April 6, 2023
पीएम मोदी ने स्थापना दिवस के दौरान अपने संबोधन की शुरुआत में कहा, आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान की जयंती मना रहे हैं. हनुमान जी का जीवन आज भी हमने भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देते हैं.
उन्होंने आगे कहा, जब लक्ष्मण जी पर संकट आया तब हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए. भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है, करते रहना है, करते रहेंगे.
भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है. पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है. छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर के वरिष्ठ पद पर रह कर देश और पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुका कर प्रणाम करता हूं.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे. इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है.





