बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ, उसको लेकर चिंता होना वाजिब है…: लाल किले से बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली: आजादी की 78वीं सालगिरह पर पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया इसके साथ ही पीएम ने आज बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हुए हमलों और मंदिरों में तोड़फोड़ समेत कई जरूरी मसलों पर भी ध्यान केंद्रित करते हुए साफ साफ संदेश दिए. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ, उसको लेकर पड़ोसी देश के नाते चिंता होना वाजिब है.
पीएम ने कहा कि मैं इसको समझ सकता हूं. मैं आशा करता हूं कि वहां पर हालात जल्द ही सामान्य होंगे. खासकर के 140 करोड़ देशवासियों की चिंता कि वहां हिंदू, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित हो. भारत हमेशा चाहता है कि हमारे पड़ोसी देश सुख और शांति के मार्ग पर चले. जल्द ही बांग्लादेश विकास की राह पर चलेगा.
आपको बता दें कि बीते कुछ दिनों से बांग्लादेश में हिंदू समुदाय और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसक घटनाएं हो रही है. जगह-जगह पर मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है. ऐसे हमलों को बढ़ता देख बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने भी कुछ दिन पहले एक मंदिर जाकर वहां हिंदू समुदाय के कुछ लोगों से बात की थी. उस दौरान उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश में किसी के अंदर असुरक्षा का भाव नहीं आना चाहिए, चाहे वो किसी भी धर्म या समुदाय से ही क्यों ना हो.
बता दें कि प्रधानमंत्री ने लाल किले से आज 11वीं बार तिरंगा झंडा फहराया है. अपने संबोधन में विकसित भारत 2047 पर जोर दिया.





