दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की जमानत याचिका पर टली सुनवाई, CBI ने मंगा वक़्त

दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की जमानत याचिका पर टली सुनवाई, CBI ने मंगा वक़्त
दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में जेल में सजा काट रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज भी कोर्ट से राहत नहीं मिली। सीबीआई केस में मुख्य आरोपी के तौर पर मुकदमे का सामना कर रहे सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टल गई है। सीबीआई की ओर से और समय की मांग की गई थी जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया और मामले को 5 सितंबर को सूचीबद्ध करने को कहा।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने गिरफ्तारी के खिलाफ 2 याचिकाएं दाखिल की थीं. सीबीआई ने एक पर जवाब दाखिल किया है. वहीं, दूसरी याचिका पर जवाब के लिए समय मांगा है. इसलिए सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई को फिलहाल टाल दिया है. यानी फिलहाल अरविंद केजरीवाल जेल में ही रहेंगे.
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई 5 सितंबर तक टाल दी और सीबीआई से एक हफ्ते में जवाब दाखिल करने को कहा है. 14 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया था. केजरीवाल के वकील एएम सिंघवी ने अंतरिम जमानत की मांग की और कहा कि यह एक अजीब स्थिति है. उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के तहत दर्ज मामले में आप नेता को कड़े प्रावधानों के बावजूद अंतरिम जमानत दी थी.
एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई को फिलहाल टाल दिया, दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी यानी आप ने 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले ‘केजरीवाल आएंगे’ अभियान शुरू किया है. आप के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि दिल्लीवासी अपने सीएम की रिहाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली में कई काम रुक गए हैं. लोगों को पूरा भरोसा है कि उनकी रिहाई के बाद सभी रुके हुए काम पूरे हो जाएंगे और लंबित समस्याओं का भी जल्द समाधान हो जाएगा.





