जन्माष्टमी के अवसर पर पटना इस्कॉन मंदिर के बाहर उमड़ी भीड़, मची भगदड़, पुलिस ने भांजी लाठियां

जन्माष्टमी के अवसर पर पटना इस्कॉन मंदिर के बाहर उमड़ी भीड़, मची भगदड़, पुलिस ने भांजी लाठियां
जन्माष्टमी के अवसर पर पटना स्थित इस्कॉन मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे सोमवार शाम भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। मंदिर के बाहर जमा हुई अप्रत्याशित भीड़ बेकाबू हो गई। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है।
लाठीचार्ज के बाद उत्तरी लेन (जीपीओ से तारामंडल) पर मंदिर के सामने सड़क जूते-चप्पलों से पट गई। किसी तरह लोगों ने स्वयं ही हालत पर काबू पाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुछ श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं हैं, जबकि पुलिस ने स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया।
पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा, “जन्माष्टमी के अवसर पर शाम को इस्कॉन मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। वहां पहले से ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। जब स्थिति अराजक हो गई और भक्त एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे, तो हमने और सुरक्षाकर्मियों को लगाया। सुरक्षाकर्मियों के लिए यह मुश्किल समय था। हालांकि, स्थिति को तुरंत नियंत्रण में कर लिया गया। यह पूरी तरह से भगदड़ नहीं थी।”
अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।





