ताज़ा खबरें

गोंडा: पटरी से उतरी डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 2 की मौत, 26 हुए घायल, रेल मंत्रालय ने मुआवजे का किया ऐलान

गोंडा: पटरी से उतरी डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 2 की मौत, 26 हुए घायल, रेल मंत्रालय ने मुआवजे का किया ऐलान

 

उत्तर प्रदेश के गोंडा में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। इस दौरान दो लोगों की मौत हुई जबकि 26 घायल होगये हैं। ऐसे में रेल मंत्रालय में मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपये, वहीं गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। CRS जांच के अलावा, उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।  

 


इस मामले को लेकर राहत आयुक्त कार्यालय की परियोजना निदेशक अदिति उमराव ने कहा, “गोंडा में जो हादसा हुआ है उसमें 2 जनहानि हुई है और लगभग 26 लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू कार्य से संबंधित सभी विभाग वहां पर मौजूद हैं… पूरा राहत कार्य जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों की देख रेख में जारी है… कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं… वहां पर प्रशासन के सभी अधिकारी मौजूद हैं… घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है… रेस्क्यू कार्य लगभग समाप्त होने वाला है क्योंकि SDRF की टीमों ने सभी डिब्बों की जांच कर ली है।”

 

वहीं घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि, “जनपद गोंडा में हुई ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने और घायलों को शीर्ष प्राथमिकता के साथ अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के लिए निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना है।”

 

गोंडा के सांसद और विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया, “…हमारी सभी अधिकारियों से भेट हो गई है। जितने भी घायल लोग हैं उन्हें मनकापुर और गोंडा भेजा जा चुका है। सभी यात्रियों को मुख्य मार्ग तक लाने का हम भी प्रयत्न कर रहे हैं और प्रशासन भी प्रयत्न कर रहा है। मुख्य मार्ग पर उनके लिए बस का इंतजाम किया गया है जिससे सभी यात्री मनकापुर रेलवे स्टेशन पहुंच सके। गोरखपुर में स्पेशल राहत ट्रेन तैयार की गई है… यह मुख्य रेलवे मार्ग है जिसे फिर शुरू करना हमारी प्राथमिकता है…”

डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटना पर गोंडा SP विनीत जायसवाल ने बताया, “…पुलिस व रेलवे द्वारा बचाव अभियान जारी है। घायलों को बाहर निकाला जा चुका है। इस दुर्घटना में 2 लोगों की मृत्यु हुई है। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। इन डिब्बों की अच्छे से जांच कर ली गई है, अब यहां कोई नहीं फंसा है। प्रशासन की पूरी टीम, RTO, जिलाधिकारी यहां मौजूद हैं। यहां से 3-4 बस में लोगों को सुरक्षित भेजा गया है, अन्य बसों के माध्यम से भी लोगों को स्टेशन या सुरक्षित स्थान तक भेजा जा रहा है।”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button