ताज़ा खबरें

गाजीपुर ‘लैंडफिल’ में लगी आग, लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल, जायजा लेने पहुंचे भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली में गाजीपुर ‘लैंडफिल साइट’ (कचरा एकत्र करने की जगह) पर भीषण आग लगने के कुछ घंटों बाद भी सोमवार को वहां से धुएं का घना गुबार उठ रहा है. दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, कचरे के विशाल पहाड़ से उत्पन्न गैसों के कारण रविवार शाम ‘लैंडफिल’ में भीषण आग लग गई. ‘लैंडफिल’ के करीब रहने वाले कई लोगों ने गले में दिक्कत और सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत की है. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

 

पूर्वी दिल्ली में गाजीपुर में हुए इस हादसे के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ग़ाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे, जहां कल शाम आग लगी थी. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “यहां के आसपास के जितने लोग हैं उनका जीवन नर्क हो गया है… जब नगर निगम का चुनाव था तब AAP ने घोषणा की थी कि वे दिसंबर 2023 तक इसे खत्म कर देंगे लेकिन अब यहां एक नया पहाड़ खड़ा हो गया है. यहां भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है. यह आग लगती नहीं है, इसके पीछे के कारणों की जांच होनी चाहिए…”

 

बता दें कि आग लगने के बाद तुरंत ही इसकी जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. सूचना पर मौके पर दमकल की 8 गाड़ियां पहुंची थी. डीएफएस ने कहा, ‘‘हमारी टीम वहां हैं और आग को पूरी तरह से बुझाने का काम कर रही हैं. आग लगने की सूचना रविवार शाम पांच बजकर 22 मिनट पर मिली. शुरुआत में हमने दो दमकल गाड़ियां भेजी थीं, लेकिन बाद में आठ दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया.”

 

दिल्ली के ग़ाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग पर AAP नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, “…दिल्ली के डिप्टी मेयर ने कल शाम घटनास्थल का दौरा किया. दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय आज घटनास्थल पर गई हैं और हम इस मामले में जांच करेंगे कि यह आग कैसे और क्यों लगी…”

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button