कुपवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी, एक जवान घायल जबकि एक आतंकी हुआ ढेर
कुपवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी, एक जवान घायल जबकि एक आतंकी हुआ ढेर
जम्मू कश्मीर में एक फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। यह मुठभेड़ जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में बीती रात उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा की लोलाब घाटी के त्रिमुखा की पहाड़ियों में हो रही है। इस दौरान सेना का एक जवान घायल हो गया है, जबकि सेना ने एक आतंकी को मार गिराया है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को उस समय घेर लिया जब वह वास्तविक नियंत्रण रेखा (LOC) के पास जंगल में भागने की कोशिश कर रहे थे।
कश्मीर संभाग की पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सुरक्षाबलों को कुपवाड़ा के लोलाब में त्रिमुखा टॉप के पास आतंकवादियों की उपस्थिति की जानकारी मिली जिसके बाद अभियान शुरू किया गया.” बताया जा रहा है कि सेना की इस घेराबंदी में चार से पांच पाकिस्तानी आतंकियों के फंसे होने की सूचना है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों को अपने तंत्र से पता चला था कि विदेशी आतंकियों का एक दल कुपवाड़ा की लोलाब घाटी के रास्ते घाटी के भीतरी इलाकों में दाखिल होने की कोशिश कर रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही 23 जुलाई को पुंछ के बट्टल सेक्टर में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को बैकफुट पर ला दिया था। हालांकि, भारी गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया था, जो इलाज के दौरान शहीद हो गया। सेना के मुताबिक, जवान अलर्ट थे।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में इजाफा हुआ है। इसके बाद सेना ने भी अपने ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। हाल ही में जम्मू कश्मीर के राजौरी में 7 जुलाई को सेना के शिविर पर आतंकी हमला हुआ था। इस अटैक में आर्मी का एक जवान घायल हो गया था। आतंकवादियों ने सेना के शिविर पर गोलीबारी की थी। इस दौरान सतर्क सुरक्षा चौकी पर तैनात जवान ने आतंकियों पर भी गोलीबारी की थी। घटना के दौरान सेना का जवान घायल हो गया था. हालांकि, आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे थे।





