कांग्रेस में शामिल हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, कर्नाटक में भाजपा को झटका

बेंगलुरु: कर्नाटक में भाजपा को बड़ा झटका लगा जब कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए. पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, केसी वेणूगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए.
कांग्रेस में शामिल होने के बाद जगदीश शेट्टार ने मीडिया से कहा, कल मैंने भाजपा से अपना इस्तीफा दिया और आज मैं कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहा हूं. एक विपक्षी नेता के रूप में कई लोग हैरान हैं, पूर्व CM और पार्टी अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं. भाजपा ने मुझे हर पद दिया है और पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते मैंने हमेशा पार्टी के विकास के लिए काम किया है.
उन्होंने आगे नाराजगी जताते हुए कहा, मैंने सोचा था कि एक वरिष्ठ नेता होने के नाते मुझे टिकट मिल जाएगा लेकिन जब मुझे पता चला कि मुझे टिकट नहीं मिल रहा है तो मैं चौंक गया. किसी ने मुझसे बात नहीं की, किसी ने मुझे इसका आश्वासन भी नहीं दिया कि आगे मुझे क्या पद मिलेगा.
वहीं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार का कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बात करते हुए कहा, इससे शक्ति भी मिलेगी और एकजुटता भी होगी और यह दर्शता है कि जो वातावरण कर्नाटक में बन रहा है इससे सब लोग खुश हैं और सभी नेता हमसे जुड़ रहे हैं. यह लिंगायत का सवाल नहीं लोग हमारे कार्यक्रम देखकर जुड़ रहे हैं.




