ताज़ा खबरेंभारत

उत्तराखंड में नौकरियां पैदा करने के लिए इंफ्रा में भारी निवेश: पीएम मोदी

उत्तराखंड: प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को उत्तराखंड के लिए ‘रोजगार मेला’ के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान टिप्पणी की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार रोजगार के अवसर सृजित करने के अलावा दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे में भारी निवेश कर रही है.

 

PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तराखंड के रोजगार मेले में हिस्सा लिया और अपने संबोधन में कहा, अपने सेवा भाव से आपको राज्य और राष्ट्र में विकास और विश्वास के प्रयासों में अपना भरपूर योगदान देना है. नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से भारत के युवाओं को नई सदी के लिए तैयार करने का संकल्प आज देश ने लिया है.

 

उन्होंने आगे कहा, उत्तराखंड में इस संकल्प को जमीन पर उतारने का दायित्व आप जैसे मेरे युवा साथियों के कंधों पर है. केंद्र सरकार हो या उत्तराखंड की भाजपा सरकार हो हमारा यह निरंतर प्रयास है कि हर युवा को उसकी रुचि, योग्यता के अनुसार नए अवसर मिलें. सभी को आगे बढ़ने का उचित माध्यम मिले.

 

PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहा बीते कुछ महीनों में केंद्र सरकार ने देश के लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं. हमें उस पुरानी धारणा को बदलना है कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आती इसलिए केंद्र सरकार का निरंतर यह प्रयास रहा है कि पहाड़ में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बनाए जाएं.

 

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर देते हुए कहा, आज उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर पर इतना निवेश हो रहा है कि दूर-सुदूर तक आना-जाना तो आसान हो ही रहा है, रोजगार के भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं. आज जैसे जैसे उत्तराखंड के दूर सुदूर के इलाके रोड, रेल और इंटरनेट से जुड़ रहे हैं वैसे वैसे पर्यटन का भी विस्तार हो रहा है. नए पर्यटन स्थल पर्यटन के मानचित्र पर आ रहे हैं. इससे उत्तराखंड के युवाओं को वहीं पर रोजगार मिल रहे हैं जिसके लिए वो पहले बड़े शहरों का रुख करते थे.

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button