‘सनातन धर्म’ को मिटाना चाहती है ‘INDI ALLIANCE’: बीना में विपक्ष पर बरसे PM मोदी

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के बीना में एक कार्यक्रम के दौरान 50,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्षी गठबंधन पर देश और समाज को विभाजित करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा, ‘यहां कुछ ऐसे दल भी हैं, जो देश और समाज को विभाजित करने में जुटे हैं. इन्होंने मिलकर एक आईएनडीआई अलायंस बनाया है, जिसे कुछ लोग घमंडिया गठबंधन भी कहते हैं.’
मध्य प्रदेश के बीना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, “ऐसे दल भी हैं जो देश को, समाज को विभाजित करने में जुटे हैं. इन्होंने मिलकर एक INDI ALLIANCE (गठबंधन) बनाया है. इसको कुछ लोग घमंडिया गठबंधन भी कहते हैं. इनका नेता तय नहीं है, नेतृत्व पर भ्रम है लेकिन मुंबई में बैठक में इन्होंने अपनी नीति और रणनीति बना ली है… इनकी नीति-रणनीति भारत की संस्कृति पर हमला करने की है. INDI गठबंधन की रणनीति भारत की आस्था पर हमला करने की नीति है. INDI गठबंधन की नीयत है कि भारत को जिस विचारों, संस्कारों, परंपराओं ने हजारों वर्ष से जोड़ा है उसे तबाह कर दो….”
“इस INDI ALLIANCE (गठबंधन) के लोग उस ‘सनातन धर्म’ को मिटाना चाहते हैं जिसने स्वामी विवेकानन्द और लोकमान्य तिलक को प्रेरणा दी…यह INDI ALLIANCE (गठबंधन) ‘सनातन धर्म’ को नष्ट करना चाहते हैं. आज उन्होंने सनातन को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, कल वे हम पर हमले बढ़ा देंगे. देश भर के सभी ‘सनातनियों’ और हमारे देश से प्यार करने वाले लोगों को सतर्क रहना होगा. हमें ऐसे लोगों को रोकना होगा…”
विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “ये घमंडिया गठबंधन वाले सनातन संस्कारों और परंपरा को समाप्त करने का संकल्प लेकर आए हैं. जिस सनातन को गांधी जी ने जीवनपर्यंत माना, जिस सनातन ने उन्हें अस्पृश्यता के खिलाफ आंदोलन चलाने के लिए प्रेरित किया. ये घमंडिया गठबंधन के लोग उस सनातन परंपरा को समाप्त करना चाहते हैं.”





