वायनाड में भारी भूस्खलन के बीच 63 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने लिया जायजा

केरल: केरल के वायनाड जिले के पहाड़ी क्षेत्र में भारी भूस्खलन चिंता का सबब बन गया जिसके कारण सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका है. जानकारी के मुताबिक मंगलवार तड़के मेप्पाडी के पास भूस्खलन हुआ. इस मामले में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है.वहीं करीब 116 लोगों का इलाज जारी है. (मरने वालों की संख्या में वृद्धी की आशंका है)
प्रधानमंत्री ने वायनाड में हए भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित. मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो घायल हुए हैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं. सभी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान फिलहाल चल रहा है. केरल के सीएम पिनाराई विजयन से बात की और वहां की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया.”
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मैं वायनाड में मेप्पाडी के पास हुए भारी भूस्खलन से बहुत व्यथित हूं…मैंने केरल के मुख्यमंत्री और वायनाड जिला कलेक्टर से बात की है, जिन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि बचाव अभियान जारी है. मैंने उनसे सभी एजेंसियों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने, एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और राहत प्रयासों के लिए आवश्यक किसी भी सहायता के बारे में हमें सूचित करने का अनुरोध किया है. मैं केंद्रीय मंत्रियों से बात करूंगा और उनसे वायनाड को हर संभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध करूंगा. मैं सभी यूडीएफ कार्यकर्ताओं से बचाव और राहत कार्यों में प्रशासन की सहायता करने का आग्रह करता हूं.”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटनाओं से बहुत चिंतित हूं. एनडीआरएफ युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चला रहा है…मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”

केरल सीएमो ने जानकारी दी कि, वायनाड चुरलमाला में अग्निशमन और बचाव, नागरिक सुरक्षा, एनडीआरएफ और स्थानीय आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम के 250 सदस्य बचाव अभियान में शामिल हैं. एनडीआरएफ की एक अतिरिक्त टीम को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है.
वायनाड भूस्खलन के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष खोला और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 8086010833 और 9656938689 जारी किए. वैथिरी, कलपट्टा, मेप्पडी और मननथावाडी अस्पताल सहित सभी अस्पताल तैयार हैं. वायनाड में स्वास्थ्य कर्मियों की अधिक टीमें तैनात की जाएंगी: केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज





