लंदन से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को मिली बम की धमकी, पांच घंटे तक फंसे रहे यात्री

लंदन से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को मिली बम की धमकी, पांच घंटे तक फंसे रहे यात्री
लंदन से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को बुधवार को बेम की धमकी मिली जिसके बाद फ्लाइट में हड़कंप मच गया। विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट UK18 को बुधवार को दिल्ली पहुंचने से करीब साढ़े 3 घंटे पहले एक यात्री ने प्लेन के टॉयलेट में धमकी भरा टिश्यू पेपर देखा। उसने क्रू मेंबर को सूचना दी। जिसके बाद फ्लाइट को दिल्ली में लैंड कराकर आइसोलेशन-बे में ले जाया गया, जहां सभी पैसेंजर के सामान की जांच की गई। हालांकि बम जैसी कोई चीज नहीं मिली।
इस मामले में अहम पेंच यह भी है कि बम की सूचना वाला टिश्यू पेपर मिलने के बावजूद साढ़े 3 घंटे तक प्लेन हवा में उड़ता रहा। पुलिस ने क्रू मेंबर्स से सवाल किया कि बम की सूचना के बावजूद प्लेन को दिल्ली तक क्यों लाया गया। किसी नजदीकी देश में ही लैंडिंग की इजाजत मांगी जा सकती थी।
पुलिस के सवाल पर पायलट और क्रू मेंबर्स ने कहा कि रास्ते में फ्लाइट लैंड करवाने पर प्लेन के हाइजैक होने का खतरा था। इससे बचने के लिए फ्लाइट को सीधे दिल्ली लाया गया। फ्लाइट में करीब 300 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सुरक्षा जांच के चलते पैसेंजर्स करीब 5 घंटे एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।
विस्तारा के प्रवक्ता ने कहा, “9 अक्टूबर 2024 को लंदन से दिल्ली जाने वाली विस्तारा फ्लाइट यूके 018 को संचालित करने वाले हमारे कर्मचारियों ने सुरक्षा संबंधी चिंता जताई थी। प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया और विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरने के बाद अनिवार्य जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया। हमने आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी करने में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया। विस्तारा में, हमारे ग्राहकों, चालक दल और विमान की सुरक्षा सर्वोपरि है।”





