राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह की हत्या के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजस्थान की राजधानी में बीते दिन मंगलवार, 5 दिसंबर को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. गोगामेड़ी को गोली श्यामनगर इलाके में उनके घर में घुसकर मारी गई. गोली लगने के बाद गोगामेड़ी को जयपुर के एक अस्पताल में लाया गया जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
#WATCH राजस्थान: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की आज जयपुर में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
(सीसीटीवी वीडियो की पुष्टि पुलिस द्वारा की गई है।)#sukhdevsingh pic.twitter.com/ZKABM8KIhb
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) December 5, 2023
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोगामेड़ी पर गोली चलाने वाले दोनों हमलावरों को पकड़ लिया है. बताया जा रहा है कि हत्या के आरोपियों की पहचान नितिन फौजी और रोहित राठौड़ के रूप में हुई है. नितिन फौजी हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि रोहित राठौड़ मकराना का रहने वाला है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
घटना वाले दिन पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा, “तीन लोग यहां आए थे और उन्होंने सुखदेव सिंह से मिलने के लिए कहा। अनुमति मिलने के बाद वे अंदर गए…उनसे करीब 10 मिनट तक बातचीत की और फिर सुखदेव सिंह पर फायरिंग कर दी. सुखदेव सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई. घटना में उनका एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक हमलावर की भी मृत्यु हुई है…पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है…”





