मणिपुर में कुकी-ज़ो समुदाय के तीन आदिवासियों की गोली मारकर की गई हत्या
मणिपुर में कुकी-ज़ो समुदाय के तीन आदिवासियों की गोली मारकर की गई हत्या
मणिपुर के कांगपोपकी जिले में कुकी-ज़ो समुदाय के तीन आदिवासियों की मंगलवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गयी। अधिकारीयों द्वारा दिए गए बयान के मुताबिक यह हत्या कथित तौर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े उग्रवादियों ने की।
रिपोर्टों के अनुसार, हमलावर एक वाहन में आए और इंफाल पश्चिम और कांगपोपकी जिलों के बीच सीमा पर स्थित इरेंग और करम के बीच निवासियों पर हमला किया। पहाड़ियों पर स्थित यह गाँव मुख्य रूप से आदिवासी समुदायों द्वारा बसा हुआ है।
गौरतलब है कि यह घटना 8 सितंबर को टेंगनौपाल जिले के पल्लेल में हिंसा फैलने के तुरंत बाद हुई, जहां तीन लोगों की जान चली गई और 50 से अधिक अन्य घायल हो गए।
मणिपुर में 3 मई से मैतेई बहुसंख्यक और आदिवासी कुकी के बीच लगातार संघर्ष हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप अब तक 160 लोगों की मौत हो चुकी है।
मैतेई लोग मणिपुर की आबादी का लगभग 53 प्रतिशत हिस्सा हैं और मुख्य रूप से इंफाल घाटी में निवास करते हैं, जबकि नागा और कुकी सहित आदिवासी समुदाय 40 प्रतिशत हैं और मुख्य रूप से पहाड़ी जिलों में रहते हैं।





