भारत से अमेरिका के लिए डाक सेवाओं पर रोक, अब सिर्फ चिट्ठी और गिफ्ट जाएंगे

नई दिल्ली. भारत सरकार की डाक सेवा (इंडिया पोस्ट) ने अमेरिका के लिए पार्सल भेजने की सुविधा फिलहाल रोक दी है. अब वहां सिर्फ लेटर, डॉक्यूमेंट और 100 डॉलर तक के गिफ्ट ही भेजे जा सकेंगे.
यह फैसला अमेरिका सरकार के एक नए आदेश की वजह से लिया गया है. अमेरिका ने 29 अगस्त 2025 से 800 डॉलर तक की चीजों पर मिलने वाली ड्यूटी-फ्री छूट खत्म कर दी है. यानी अब वहां भेजी जाने वाली हर चीज पर कस्टम ड्यूटी लगेगी.
हालांकि, 100 डॉलर तक के गिफ्ट पार्सल और लेटर पर यह नियम लागू नहीं होगा. एयरलाइंस ने भी 25 अगस्त से पार्सल ले जाने से मना कर दिया है, क्योंकि ड्यूटी वसूली और दूसरे नियमों को लेकर अभी साफ तस्वीर सामने नहीं आई है.
ग्राहकों के लिए रिफंड
अगर किसी ने पहले ही अमेरिका के लिए पार्सल बुक कर दिया है तो वह अपना पैसा वापिस ले सकता है. इंडिया पोस्ट ने कहा है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और कोशिश है कि जल्द ही सेवाएं दोबारा शुरू की जाएं.
रजिस्टर्ड पोस्ट बंद नहीं होगी
इस बीच सोशल मीडिया पर खबर फैल रही थी कि 1 सितंबर से रजिस्टर्ड पोस्ट सेवा बंद हो जाएगी. लेकिन पीआईबी (PIB) ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं है. रजिस्टर्ड पोस्ट को स्पीड पोस्ट में मिलाया जा रहा है. इसकी सभी सुविधाएं लोगों को पहले की तरह मिलती रहेंगी, बल्कि सेवा और तेज होगी.





