भारत लौटे प्रज्वल रेवन्ना बेंगलुरु हवाईअड्डे से गिरफ्तार, मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में होगी पेशी

भारत लौटे प्रज्वल रेवन्ना बेंगलुरु हवाईअड्डे से गिरफ्तार, मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में होगी पेशी
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के निलंबित सांसद प्रज्वल रेवन्ना शुक्रवार तड़के जर्मनी से बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचें, जहां पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया है। वह राजनयिक पासपोर्ट पर देश छोड़ने के एक महीने बाद जर्मनी के बर्लिन से भारत लौटे। पुलिस रेवन्ना की मेडिकल जांच करवाने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश करेगी।
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद रेवन्ना को बेंगलुरु में सीआईडी कार्यालय लाया गया। उनके घर में काम करने वाली एक महिला ने रेवन्ना पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी के आरोपों पर उन्हें विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा जांच का सामना करना पड़ सकता है।
यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे हासन से जद (एस) के सांसद रेवन्ना ने 30 मई को म्यूनिख से बेंगलुरु के लिए वापसी उड़ान का टिकट बुक किया था। जेडीएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा के 33 वर्षीय पोते 31 मई की सुबह 12:46 बजे बेंगलुरु पहुंचे और बाद में एसआईटी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बताया कि उन्हें प्रज्वल रेवन्ना के बेंगलुरु लौटने की जानकारी मिली थी। उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका था। प्रज्वल रेवन्ना को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रज्वल की गिरफ्तार आधी रात लगभग 1 बजकर 15 मिनट पर हुई।
बता दें कि बीते दिनों विदेश मंत्रालय द्वारा प्रज्वल रेवन्ना के राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने के संबंध में भेजे गए ‘कारण बताओ नोटिस’ पर जवाब के लिए दो जून तक का समय दिया गया है। जनता दल (सेक्युलर) सांसद रेवन्ना के संभावित रूप से 31 मई को जर्मनी से भारत लौटने के पहले विदेश मंत्रालय ने यह बात बृहस्पतिवार को कही। विदेश मंत्रालय ने रेवन्ना को 23 मई को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर पूछा था कि उनके खिलाफ यौन शोषण के आरोपों के मद्देनजर कर्नाटक सरकार की मांग के अनुसार उनका राजनयिक पासपोर्ट क्यों न रद्द कर दिया जाए।





