भारतीय यात्रियों को लेकर फ्रांस से मुंबई आज पहुंचा विमान, मानव तस्करी के संदेह में चार दिनों तक फ्रांस में रोका गया विमान

भारतीय यात्रियों को लेकर फ्रांस से मुंबई आज पहुंचा विमान, मानव तस्करी के संदेह में चार दिनों तक फ्रांस में रोका गया विमान
मानव तस्करी के संदेह में चार दिनों तक फ्रांस में रोका गया विमान आज यानी मंगलवार को मुंबई पहुंच गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस विमान में 276 यात्री सवार थे। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे यह विमान मुंबई पहुंचा।
#WATCH मुंबई: मानव तस्करी के संदेह में फ्रांस में चार दिनों तक रोका गया विमान भारतीय यात्रियों को लेकर आज सुबह मुंबई पहुंचा।
(वीडियो छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर से है) pic.twitter.com/2sxpejYzhI
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 26, 2023
दरअसल, चार दिन पहले निकारगुआ जाने वाली रोमानियाई कंपनी की फ्लाइट को फ्रांस के पास वैट्री हवाई अड्डे पर रोक दिया गया था। 303 यात्रियों को ले जाने वाले चार्टर प्लेन ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से उड़ान भरी थी। मानव तस्करी के संदेह में 21 दिसंबर को पेरिस से 150 किमी पूर्व वैट्री हवाई अड्डे पर इसे रोक दिया गया था। गौर करने वाली बात यह है कि इस विमान के उड़ान भरने से पहले 303 लोग इसमें सवार हुए थे लेकिन भारत में 276 यात्रियों ने ही कदम रखा।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को 276 यात्रियों के साथ यह विमान भारत के लिए उड़ान भरी थी। बाकी बचे 27 यात्रियों में से 25 यात्रियों ने फ्रांस में ही रहने के लिए आवेदन किया है। इसमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. वहीं, दो अन्य यात्रियों को कोर्ट में जज के सामने पेश किया गया, जहां से फिर उन्हें रिहा कर दिया. सोमवार को इस विमान के भारत रवानगी के बाद फ्रांस में भारतीय दूतावास ने फ्रांस के अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया.
बता दें कि गुरुवार को इस विमान को मानव तस्करी के संदेह में पेरिस से 150 किमी पूर्व वैट्री एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था। इस विमान में 21 महीने के बच्चे के साथ-साथ 11 नाबालिग भी शामिल थे। फ्रांसीसी अधिकारियों ने रविवार को इस विमान को फिर से उड़ान भरने की इजाजत दी थी।





