भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं है… AAP मुख्यालय में बोले मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia Bail) शुक्रवार को 17 महीने बाद जेल से बाहर आते ही उसी पुराने अंदाज में ही दिखे. जेल से बाहर निकलने के बाद सिसोदिया सबसे पहले केजरीवाल के घर पहुंचे और उनके माता-पिता, पत्नी और बच्चों से मुलाकात की. आज वह AAP मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं.
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, “अरविंद केजरीवाल का नाम आज पूरे देश में ईमानदारी का प्रतीक बन गया है. भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद एक राज्य में एक उदाहरण नहीं दे पाई… इसी छवि को बिगाड़ने के लिए ये सारे षडयंत्र रचे जा रहे हैं… जनता के दिलों के दरवाजे खुले हुए हैं. आप जेल के दरवाजे बंद कर सकते हैं लेकिन जनता के दिलों के दरवाजे बंद नहीं कर सकते हैं…”
मनीष सिसोदिया ने कहा, “…इन आंसुओं ने ही मुझे ताकत दी है… मुझे उम्मीद थी कि 7-8 महीने में न्याय मिल जाएगा लेकिन कोई बात नहीं 17 महीने लग गए. 17 महीने लग गए लेकिन जीत ईमानदारी और सच्चाई की हुई है… भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं है. उन्होंने(भाजपा) बहुत कोशिशें की… उन्होंने सोचा अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जेल में डालेंगे तो हम सड़ जाएंगे…”
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, “…बाबा साहेब अंबेडकर के दिए हुए संविधान की बदौलत हम पर कल भगवान की कृपा हुई…बाबा साहेब ने 75 साल पहले ही ये अंदाजा लगा लिया था कि कभी-कभी इस देश में ऐसा होगा कि तानाशाही बढ़ जाएगी… तानाशाह सरकार जब एजेंसियों, कानूनों और जेलों का दुरुपयोग करेगी तो हमें कौन बचाएगा? बाबा साहेब ने लिखा था संविधान बचाएगा…सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचला. मैं उन वकीलों का भी शुक्रगुजार हूं जो यह लड़ाई लड़ रहे थे. वो वकील एक कोर्ट से दूसरे कोर्ट धक्के खा रहे हैं… मेरे लिए अभिषेक मनु सिंघवी भगवान स्वरूप हैं…”





