फैक्ट चेक: मटन पार्टी को लेकर पीएम मोदी के बयान का यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: मटन पार्टी को लेकर पीएम मोदी के बयान का यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो खूब तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में पीएम मोदी एक जनसभा के मंच से सावन के महीने में हुई एक मटन पार्टी की निंदा करते हुए देखा जा सकता है। बता दें कि वीडियो को दो फ्रेम में बांटा गया जहाँ एक तरफ पीएम मोदी दिखाई दे रहे हैं वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह की तस्वीर भी दिखाई दे रही है, जिसमें वह मटन परोसते हुए नज़र आ रहे हैं। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “प्रधानमंत्री मोदी जी ने NDA के नेता राजीव रंजन ‘लल्लन’ सिंह को सावन में मटन परोसने के लिए खूब खरी खोटी सुनाया। “

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
दरअसल, बीते जुलाई 16, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर थे, जहां उन्होंने एक जनसभा के दौरान बिहार सरकार की कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया था। इसी जनसभा में राज्य के मुखिया नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह और ग्रामीण मंत्री अशोक चौधरी मौजूद रहे थे। गौरतलब है कि इसी जनसभा में शामिल होने आए लोगों के लिए भोजन का भी इंतजाम था। दावत में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार के भोजन थे। इसका ऐलान भी मंच से खुद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने किया था। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर उक्त वीडियो वायरल हो रहा है।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह की तस्वीर और पीएम मोदी के वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने पीएम मोदी के वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो से हूबहू मेल खाता हुआ एक दूसरा वीडियो MOJO नामक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे अप्रैल 14, 2024 को अपलोड किया गया था।
उपरोक्त प्राप्त वीडियो में हमने जाना कि पीएम मोदी का वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि पुराना है, साथ ही उक्त वीडियो में गौर किया जा सकता है कि पीएम मोदी कांग्रेस और INDIA अलाइंस पर निशाना साधते हुए वायरल मटन पार्टी वाला बयान दिया था।
इसी मिली जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो Narendra Modi के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे अप्रैल 12, 2024 को अपलोड किया गया था। यहाँ जानकारी दी गयी है कि वायरल वीडियो साल 2024 के लोकसभा चुनावों के पहले जम्मू कश्मीर के उधमपुर में हुई जनसभा का है।
उपरोक्त प्राप्त वीडियो में 32 मिनट पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा देखा जा सकता है। यहाँ पीएम मोदी को अपने भाषण में कहते हुए सुना जा सकता है कि “कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों को देश के ज्यादातर लोगों की भावनाओं की कोई परवाह नहीं है. इन्हें लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने में मजा आता है। ये लोग सावन में एक सजायाफ्ता, कोर्ट ने जिसे सजा की है, जो जमानत पर है, ऐसे मुजरिम के घर जाकर के सावन के महीने में मटन बनाने का मौज ले रहे हैं। इतना ही नहीं उसका वीडियो बनाकर के देश के लोगों को चिढ़ाने का काम करते हैं। कानून किसी को कुछ खाने से नहीं रोकता। ना ही मोदी रोकता है। सभी को स्वतंत्रता है कि जब मन करें वेज खायें या नॉन-वेज खाएं। लेकिन इन लोगों की मंशा दूसरी होती है। “
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले का है। जहाँ पीएम मोदी ने लालू यादव और राहुल गांधी की एक पुरानी मटन पार्टी का ज़िक्र करते हुए उनपर निशाना साधा था, जो दिल्ली में हुई थी।





