फैक्ट चेक: बिहार डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का पुराना वीडियो हुआ वायरल

फैक्ट चेक: बिहार डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का पुराना वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा का एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में वह बिहार सरकार व राज्य के मुख्यमंत्री पर गुंडाराज व कुशासन का आरोप लगाते हुए वर्तमान सरकार का अंत होने की बात कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।
इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या और मुफ्त बिजली योजना से नाराज़ बिहार की NDA गठबंधन वाली सरकार में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा अपनी ही सरकार व सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाकर उनका विरोध कर रहे हैं।
फेसबुक पर वायरल हो रहे वीडियो के साथ हिंदी में यह कैप्शन लिखा गया है कि “कुख्यात चंदनमिश्रा की पारस हॉस्पिटल में हत्या से बौखलाए और मुफ्त बिजली योजना पर भड़के विजय सिन्हा ने ऐलान किया कि जब तक गुंडाराज का खात्मा नहीं होगा तब तक कुशासन बाबू के विरुद्ध ऐलान ए जंग जारी रहेगा। दो हजार पच्चीस Nitish Kumar फिनिश”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए पड़ताल की। वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स से गूगल पर खोजा। इस दौरान हमें वायरल वीडियो से मेल खाता एक दूसरा वीडियो Lakhisarai Live नामक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे सितंबर 11, 2022 को अपलोड किया गया था।
गौरतलब है कि वीडियो के कैप्शन में लिखा गया था कि ” नेता प्रतिपक्ष के विधानसभा क्षेत्र में बड़ी घटना, सरकार पर जमकर बरसे विजय कुमार सिन्हा “ दरअसल, जिस दौरान का यह वीडियो है उस एक्ट विजय सिन्हा बिहार के उप मुख्यमंत्री नहीं बल्कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। वीडियो में विजय सिन्हा स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें पलायन न करने की सलाह देते हैं। साथ ही वह एसपी, डीजीपी समेत प्रशासनिक अधिकारियों को भ्रष्ट बताते हुए लखीसराय में अराजकता फैलने को लेकर सरकार पर कुशासन का आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
बताते चलें कि जनवरी 2024 में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरजेडी व महागठबंधन का साथ छोड़कर एक बार फिर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में वापसी की थी, जिसके बाद विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री बने थे।
उपरोक्त यूट्यूब वीडियो में मिली जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे सितंबर 12, 2022 को अपलोड किया था। गौरतलब है कि वीडियो को अपलोड करते हुए इस वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि विजय सिन्हा उस समय नेता प्रतिपक्ष थे। यह वीडियो 2022 का है।।
मुख्यमंत्री जी आपका अंतिम समय आ गया है, बिहार में कुशासन और गुंडाराज का अंत होगा। इसके विरूद्ध मैं लखीसराय से शंखनाद करता हूँ, जबतक आपके राज को समाप्त नहीं करेंगे अंतिम दम तक लड़ाई लड़ेंगे।
: विधानसभा में माननीय नेता प्रतिपक्ष श्री @VijayKrSinhaBih pic.twitter.com/lYAU5LZZXK
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) September 12, 2022
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2022 के दौरान का है, जब राज्य में RJD और JDU के गठबंधन वाली सरकार थी और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री थे।





