फैक्ट चेक: अमरावती सीट से हरने वाली नेता नवनीत राणा का पुराना वीडियो हुआ वायरल

फैक्ट चेक: अमरावती सीट से हरने वाली नेता नवनीत राणा का पुराना वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो अमरावती लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नवनीत राणा का है। वीडियो में नवनीत राणा को रोते हुए देखा जा सकता है, वहीं एक व्यक्ति उन्हें सांत्वना देते हुए नजर आ रहा है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर इन दिनों शेयर कर दावा किया जा रहा है कि लोकसभा 2024 के चुनावों के नतीजे आने के बाद इस तरह रो रही हैं। दरअसल, नवनीत राणा अमरावती की सीट हार गयी हैं, इसी के बाद से फेसबुक पर यह वीडियो वायरल हो रहा है।
फेसबुक के वायरल पोस्ट को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “नवनीत राणा मंच से धमकियाँ देती थी, डराती थी, और आज इसके राजनितिक कैरियर का इस प्रकार अंत हुआ !“

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि 2022 के दौरान का है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने पर हमें इसके पुराने होने आशंका हुई। इसलिए सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो न्यूज़ 18 की आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। जिसे मई 05, 2022 को अपलोड किया गया था।
प्राप्त यूट्यूब वीडियो में जानकारी दी गयी है कि वायरल वीडियो उस दौरान का है जब नवनीत राणा जमानत पर रिहा होने के बाद लीलावती अस्पताल पहुंची थी।
अधिक जानकारी के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो से मेल खाता एक कीफ्रेम दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मई 05, 2022 को प्रकाशित एक लेख में मिला।
लेख के मुताबिक वायरल वीडियो वाला घटना क्रम उस दौरान का है जब महाराष्ट्र में अमरावती के सांसद नवनीत राणा को भायखला जेल से रिहा होने के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दरअसल,अमरावती सांसद नवनीत राणा ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के सामने हनुमान चालीसा के पाठ की घोषणा की थी। जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने नवनीत और उनके विधायक पति रवि राणा को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इसके बाद जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद नवनीत राणा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में एडमिट कराया गया। इसी दौरान का ही यह वीडियो है जो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जो व्यक्ति रोती हुई नवनीत राणा को सांत्वना देते हुए नजर आरहे व्यत्कि उनके पति रवि राणा हैं।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया वीडियो का नहीं बल्कि साल 2022 के दौरान का है। जिसे हालिया दिनों में भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।





