पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर चली गोली, बाल-बाल बचे ट्रंप, कान पर लगी गोली, हुए लहूलुहान
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर चली गोली, बाल-बाल बचे ट्रंप, कान पर लगी गोली, हुए लहूलुहान
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर बीते दिन जानलेवा हमला होने की खबर सामने आयी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 13 जुलाई के दिन पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर गोली चली। बताया जा रहा है कि रैली में ट्रंप के भाषण के दौरान एक शख्स ने उन पर गोली चलाई, गोली उनके कान को छूकर निकल गयी जिससे पूर्व राष्ट्रपति लहूलुहान हो गए, गनीमत रही कि गोली से सिर्फ उनका कान छलनी हुआ, यदि गोली 2 सेंटीमीटर भी इधर होती तो ट्रंप की जान जा सकती थी।
बटलर, पेनसिल्वेनिया (USA) में #DonaldTrump की रैली में गोलीबारी हुई। उन्हें अमेरिकी सीक्रेट सर्विस द्वारा एक वाहन तक पहुंचाया गया।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने कहा, “पूर्व राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर जारी की जाएगी।”
(सोर्स – रॉयटर्स) pic.twitter.com/dvz0d2hJwb
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) July 14, 2024
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रंप पेंसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे कि इसी दौरान उनको निशाना बनाकर फायरिंग की गई। ट्रंप ने अपने दाहिने कान पर हाथ रखा और मंच के नीचे झुक गए। इस दौरान भीड़ में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। तुरंत सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने ट्रंप को घेर लिया।
इस घटना को लेकर जांचकर्ताओं का कहना है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और संभावित रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की हत्या की कोशिश की गई थी। यह चौंकाने वाली घटना ऐसे समय पर हुई जब अमेरिका में इस साल के अंत में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले है।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा –
इस घटना को लेकर अमेरिकी के मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, “संघीय सरकार की सभी एजेंसियों ने मुझे स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी है…मैंने डोनाल्ड से संपर्क करने की कोशिश की है, वे अपने डॉक्टरों के साथ हैं और ठीक हैं…अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है…हम इसे अनदेखा नहीं कर सकते। मैं सीक्रेट सर्विस और राज्य एजेंसियों सहित सभी एजेंसियों को धन्यवाद देना चाहता हूं। मूल बात यह है कि ट्रम्प की रैली बिना किसी समस्या के शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जानी चाहिए थी…सभी को इसकी निंदा करनी चाहिए…”
अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने घटना की निंदा की-
अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने ट्वीट किया, “पूरा रक्षा विभाग इस हिंसा की निंदा करता है, जिसका हमारे लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। यह वह तरीका नहीं है जिससे हम अमेरिका में अपने मतभेदों को सुलझाते हैं – और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए। मुझे राहत है कि रिपोर्ट्स से पता चलता है कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प सुरक्षित हैं, और मैं उनके और उनके परिवार और इस भयावह घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूँ।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “अपने मित्र पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से बहुत चिंतित हूं। घटना की कड़ी निंदा करता हूं। राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं…”





