पटना रेलवे जंक्शन के पास स्थित होटल में लगी भीषण आग, 6 की मौत, कई घायल
पटना रेलवे जंक्शन के पास स्थित होटल में लगी भीषण आग, 6 की मौत, कई घायल
बिहार की राजधानी पटना के रेलवे जंक्शन के पास एक होटल में भीषण आग लगने की खबर है। इस घटना में अब तक 6 लोगों की मौत जबकि 10 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर हैं। बताया जा रहा है कि कई लोगों की हालत इतनी गंभीर ही कि उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मीडिया के मुताबिक-आग सिलेंडर फटने की वजह से लगी। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने के कारण आग लगी।
#UPDATE | बिहार: पटना में कोतवाली थाना क्षेत्र के गोलंबर के पास एक होटल में आग लगने से अब तक 3 लोगों की मृत्यु हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं: पटना एसएसपी राजीव मिश्रा https://t.co/fmsyixjEkk
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 25, 2024
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह आग पाल होटल में लगी। पटना सेंट्रल रेंज के टीएसपी सत्य प्रकाश ने पुष्टि करते हुए बताया कि पाल होटल में लगे आग की घटना में छह लोगों की मौत हुई है। इसमें तीन महिला एवं तीन पुरुष हैं। दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किचन में लगी आग ने चार मंजिला इमारत को अपनी जद में ले लिया। ऊपर के फ्लोर पर नाश्ता कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के होटल और दुकानों के लोग बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित उक्त बहुमंजिला इमारत से अग्निशमन कर्मियों ने अब तक 30-35 लोगों को निकाला है, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, उनकी पहचान की जा रही है.घटनास्थल पर अग्निशमन दस्ते का नेतृत्व कर रहे उपमहानिरीक्षक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
गौरतलब है कि कि दिल्ली की गाजीपुर लैंडफिल साइट पर भी आग लगी थी जो काफी देर बाद काबू की गई। दिल्ली दमकल सेवा के अनुसार, कचरे के विशाल पहाड़ से उत्पन्न गैसों के कारण ‘लैंडफिल’ में भीषण आग लगी थी।





