उत्तर प्रदेश: भारी बारिश से नदियों में उफान, बाढ़ जैसे हालात, 800 गांव डूबे

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से नदियों में उफान, बाढ़ जैसे हालात, 800 गांव डूबे
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं। राजधानी लखनऊ के आसपास के जिलों से गुजरने वाली नदियों के जलस्तर में वृद्धि देखी गयी हैं। उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इन जिलों के करीब 800 गांव में 20 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। NDRF और SDRF की टीमें यहाँ रेस्क्यू अभियान के लिए तैनात की गयी हैं।
बताया जा रहा है कि दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शाहजहांपुर में करीब 2 से 3 फीट पानी भर गया है। इस कारण हाईवे का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है। गाड़ियों को डाइवर्ट करके निकाला जा रहा है। शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भी पानी भरने के बाद मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया था।
संतकबीर नगर में राप्ती नदी शनिवार को खतरे का निशान पार कर गई। संतकबीर नगर के साथ ही देवरिया में भी सरयू खतरे के निशान के पास पहुंच गई है। आजमगढ़, मऊ और बलिया में शनिवार को सरयू के जलस्तर में कुछ घटाव हुआ लेकिन खतरे के निशान से अब भी ऊपर बह रही है। वाराणसी, मीरजापुर में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। तटवर्ती इलाकों के लोग बाढ़ और कटान के खतरे के मद्देनजर सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन कर रहे हैं। जौनपुर में बीते 24 घंटे में गोमती के जलस्तर में आठ फीट की वृद्धि दर्ज की गई है।
मिर्जापुर में तेज बारिश के चलते खेत-खलिहान डूब गए हैं. कई कच्चे मकान गिर गए हैं. सड़कों पर पानी भरा है. आवागमन प्रभावित हो गया है. लोग दूसरे रास्ते से आने जाने को मजबूर हैं. कई जगह सड़क धंस गई है. कई घरों में पानी घुस गया है. ग्रामीणों का कहना है कि छह साल बाद ऐसी बारिश देखी है।
मौसम विभाग ने आगामी 18 जुलाई तक राज्य में अनेक स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। राहत आयुक्त कार्यालय से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान वर्षाजनित हादसों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है।
राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में इस समय कुल 17 जिलों में बाढ़ की स्थिति है। इनमें पीलीभीत, लखीमपुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, कुशीनगर, बस्ती, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलिया, गोरखपुर, बरेली, आजमगढ़, हरदोई और अयोध्या शामिल हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ग्रस्त जिलों का दौरा लगातार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों के अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।





