भारतलाइफस्टाइल

जोमैटो का दिवाली गिफ्ट! मेहमानों के लिए आया नया फीचर, बिना कीमत देखे चुनें पसंदीदा खाना

फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर ‘होस्ट मोड’ (Host Mode) लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से अब मेहमान बिना खाने की कीमत देखे अपनी पसंद के व्यंजन ऑर्डर कर सकेंगे। यानी अगर कोई व्यक्ति दोस्तों या परिवार के लोगों को खाना ऑर्डर करने के लिए अपना फोन देता है, तो मेहमानों को मेन्यू में किसी भी डिश की कीमत नहीं दिखाई देगी। इससे उन्हें महंगे खाने का ऑर्डर देने में झिझक नहीं होगी।

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर पूरे भारत में शुरू कर दिया गया है। जोमैटो ने बताया कि इसे खासतौर पर त्योहारों और पारिवारिक आयोजनों के दौरान मेहमानों के लिए खाना ऑर्डर करने का अनुभव आसान और आरामदायक बनाने के लिए पेश किया गया है।

क्या है होस्ट मोड और कैसे करेगा काम?

अक्सर जब कोई व्यक्ति दूसरों के लिए खाना ऑर्डर करता है, तो मेहमान कीमत देखकर महंगी डिश चुनने से बचते हैं। कई बार वे सस्ती चीजें ऑर्डर करते हैं या फिर अपनी पसंद बताने के बजाय मेजबान पर ही फैसला छोड़ देते हैं। जोमैटो का नया फीचर इसी परेशानी को दूर करने के लिए लाया गया है।

होस्ट मोड चालू करने के लिए यूजर्स को जोमैटो ऐप की होम स्क्रीन, रेस्टोरेंट के मेन्यू पेज या प्रोफाइल में जाकर ‘Your Preferences’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ‘Switch on Host Mode’ चुनते ही मेन्यू और कार्ट में खाने की कीमतें छिप जाएंगी।

इसके बाद मेहमान बिना कीमत देखे अपनी पसंद के रेस्टोरेंट और डिश चुनकर कार्ट में जोड़ सकेंगे। सभी लोगों के ऑर्डर चुन लेने के बाद मेजबान ‘Exit Host Mode to Review Bill’ पर क्लिक कर सकता है। फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन से पहचान की पुष्टि करने के बाद पूरे ऑर्डर का बिल और मिलने वाली छूट दिखाई देगी। इसके बाद मेजबान पेमेंट कर सकेगा।

लिंक्डइन पर यूजर के सुझाव से आया आइडिया

जोमैटो के इस फीचर का आइडिया मार्केटिंग मैनेजर आयुष्मान अग्रवाल ने दिया था। उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए जोमैटो के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल को टैग करते हुए ‘मेहमान मोड’ शुरू करने का सुझाव दिया था।

उन्होंने लिखा था कि जोमैटो में ऐसा विकल्प होना चाहिए, जिसमें मेन्यू से कीमतें गायब हो जाएं। इससे मेजबान आसानी से अपना फोन दोस्तों और मेहमानों को दे सकता है और वे बिना किसी झिझक के अपनी पसंद का खाना चुन सकते हैं। इसके बाद मेजबान फोन लेकर बिल का भुगतान कर सकता है।

दीपिंदर गोयल ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए जवाब दिया था कि इस फीचर को इसी सप्ताह लॉन्च कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि कंपनी ने यूजर के सुझाव के महज 72 घंटे के भीतर इस फीचर को शुरू कर दिया। हालांकि, कंपनी ने इसका नाम ‘मेहमान मोड’ के बजाय ‘ होस्ट मोड’ रखा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button