प्रतीक यादव के निधन पर CM योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख, परिवार को दी सांत्वना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख जताया है। बुधवार सुबह जैसे ही प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आई, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक संदेश जारी किया।
योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव के पुत्र तथा अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का असामयिक निधन बेहद दुखद है।
उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026
लखनऊ में हुआ निधन
प्रतीक यादव को बुधवार सुबह परिवार के सदस्य लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।
अपर्णा यादव के पति थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव, भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे।





