आएगा ‘3 इडियट्स’ का दूसरा पार्ट? राजकुमार हिरानी ने सीक्वल को लेकर दिया बड़ा अपडेट

मुंबई: राजकुमार हिरानी की साल 2009 में आई सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ आज भी दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। लंबे समय से फिल्म के दूसरे भाग यानी सीक्वल को लेकर चर्चा चल रही है। अब निर्देशक राजकुमार हिरानी ने इस पर बड़ा अपडेट दिया है।
एएनआई से बातचीत में हिरानी ने बताया कि ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की कहानी पर अभी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक कहानी सही मुकाम तक नहीं पहुंच जाती, तब तक वह इस प्रोजेक्ट के बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते।
हिरानी ने बताया कि दिलचस्प बात यह है कि सीक्वल का आइडिया शुरू से ‘3 इडियट्स’ की कहानी के तौर पर नहीं लिखा जा रहा था। उनकी टीम किसी दूसरी कहानी पर काम कर रही थी। इसी दौरान उन्हें लगा कि यह कहानी ‘3 इडियट्स’ के किरदारों पर भी फिट बैठ सकती है।
निर्देशक के मुताबिक, अगर यह फिल्म बनती है तो इसमें वही मुख्य कलाकार नजर आ सकते हैं। हालांकि, कहानी इस बार कॉलेज के दिनों पर नहीं होगी। फिल्म में दिखाया जाएगा कि करीब 20 साल बाद इन किरदारों की जिंदगी में क्या बदलाव आए हैं और वे किस तरह की जिंदगी जी रहे हैं।
राजकुमार हिरानी ने यह भी साफ किया कि अभी सीक्वल आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुआ है। टीम पहले कहानी को पूरा करना चाहती है और अगर उन्हें लगेगा कि कहानी मजबूत है और फिल्म बननी चाहिए, तभी इस पर आगे काम किया जाएगा।
‘मुन्ना भाई’ के सीक्वल का भी नहीं था प्लान
राजकुमार हिरानी ने अपनी फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ के सीक्वल ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ को लेकर भी पुरानी बात साझा की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने ‘मुन्ना भाई’ का सीक्वल बनाने का फैसला नहीं किया था।
हिरानी ने कहा कि उस समय फिल्मों के सीक्वल को लेकर ज्यादा भरोसा नहीं था, क्योंकि पहले बनी कई सीक्वल फिल्में सफल नहीं रही थीं। बाद में जब वह किसी दूसरी कहानी पर काम कर रहे थे, तब उन्हें लगा कि वह कहानी ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ के किरदारों के लिए सही रहेगी। इसी तरह ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ का विचार सामने आया।
‘3 इडियट्स’ में आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर और बोमन ईरानी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी और आज भी इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।





