विदेश

G7 बैठक से क्यों जल्दी वापस आए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का G7 बैठक से अचानक अमेरिका लौट आना अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। न्यूज़ मोबाइल के फाउंडर सौरभ शुक्ला ने इस घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए बताया कि ट्रंप की वापसी के पीछे कई घरेलू और रणनीतिक कारण छिपे हैं। सौरभ शुक्ला के अनुसार, ट्रंप को अमेरिका लौटकर अपने शीर्ष रणनीतिक सलाहकारों के साथ एक सीक्रेट बैठक में शामिल होना था। यह बैठक व्हाइट हाउस में आयोजित की गई थी, जिसमें इज़राइल-ईरान तनाव के बीच अमेरिका की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तय की जानी थी।

इस निर्णय के पीछे घरेलू राजनीति का भी गहरा असर रहा। रिपब्लिकन पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने ट्रंप पर दबाव बनाया कि वे इज़राइल को लेकर स्पष्ट और निर्णायक नेतृत्व दिखाएं। दरअसल, नेतन्याहू इस समय पश्चिम एशिया संकट में ‘ड्राइविंग सीट’ पर हैं और अमेरिका से पूरी सैन्य और राजनीतिक समर्थन की उम्मीद कर रहे हैं।

सौरभ शुक्ला बताते हैं कि ट्रंप प्रशासन का एक बड़ा रक्षा बजट बिल सीनेट में अटका हुआ है। इस बिल को पारित कराने के लिए ट्रंप को रिपब्लिकन सीनेटरों का समर्थन चाहिए, जो इज़राइल को स्पष्ट समर्थन देने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में ट्रंप के लिए यह ज़रूरी हो गया था कि वे G7 से जल्दी लौटकर घरेलू राजनीतिक समीकरण साधें।

हालांकि, सौरभ शुक्ला के अनुसार, अमेरिका फिलहाल इस टकराव में सीधे शामिल नहीं होगा। व्हाइट हाउस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अमेरिका की मौजूदा रणनीति यह है कि वह इज़राइल को पूरी कूटनीतिक और सैन्य सहायता देगा, लेकिन प्रत्यक्ष सैन्य हस्तक्षेप से बचा जाएगा। अमेरिका नहीं चाहता कि ईरान किसी भी स्थिति में न्यूक्लियर पावर बने।

ट्रंप प्रशासन पहले भी ईरान के साथ किसी प्रकार की समझौता वार्ता को आगे बढ़ाना चाहता था, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हो पाए। ऐसे में अब ट्रंप के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे इज़राइल के पक्ष में मजबूती से खड़े दिखें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button