कौन हैं अजिंक्या शिंदे, जो संभालेंगे जंतर-मंतर पर CJP की कमान?

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बीच, CJP के मुख्य नेता अजिंक्या शिंदे अब मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे।
अभिजीत दीपके ने पहले ही जारी किया था वीडियो
हिरासत में लिए जाने की आशंका के चलते अभिजीत दीपके ने शुक्रवार रात एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें और अन्य सह-संयोजकों को हिरासत में लिया जाता है, तो आंदोलन की कमान संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी अजिंक्या शिंदे संभालेंगे। दीपके ने समर्थकों से अपील की कि वे अजिंक्या शिंदे के नेतृत्व में आंदोलन को आगे बढ़ाएं।
कौन हैं अजिंक्या शिंदे?
अजिंक्या शिंदे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी हैं और मुंबई में समूह के आंदोलनों का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। इसके अलावा, वे देश भर के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए चलाए गए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के प्रमुख अगुआ भी रहे हैं।
गांधी जयंती के अवसर पर दादर में कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने और नारेबाजी करने के मामले में भी पुलिस ने जिन CJP नेताओं पर मामला दर्ज किया था, उनमें अजिंक्या शिंदे शामिल थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी काफी लोकप्रियता है और इंस्टाग्राम पर उनके 23,200 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर नाटकीय अंदाज में हुई हिरासत
शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरते ही पुलिस ने बोर्डिंग गेट से ही अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला अधिकारियों ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
वहीं, CJP ने इस कार्रवाई को “तानाशाही” करार दिया है और इसे आवाजाही की आजादी का उल्लंघन बताया है। पार्टी की लीगल अफेयर्स प्रमुख रत्ना सिंह को भी शनिवार को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है।