भारत

जयपुर में सफ़ेद स्कॉर्पियो का आतंक, हिट एंड रन में 2 लोगों की मौत

इन दिनों हर दूसरी खबरों में सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार द्वारा एक्सीडेंट इस तरह की खबर सुनाई दे रही है. हालहि में थार के बाद अब जयपुर में सफ़ेद स्कॉर्पियो का आतंक देखने को मिला है.

दरअसल राजस्थान समेत देशभर में तेज रफ्तार गाड़ियों के हादसे रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं. बीती रात जयपुर में एक और हादसा हुआ जहां एक तेज रफ़्तार सफ़ेद स्कॉर्पियो के आतंक की घटना सामने आई है जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. इस खतरनाक दुर्घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.

इससे पहले पिछले महीने जयपुर के पत्रकार थाना इलाके में एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने 16 निर्दोष लोगों को कुचल दिया था जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. पिछले महीने जयपुर में विधानसभा के सामने भी एक अनियंत्रित सफेद थार ने सड़क पर खड़ी चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया था. इस महीने के शुरू में जयपुर के शिप्रापथ इलाके में भी एक ब्लैक थार का आतंक देखने को मिला जिसने  कई गाड़ियों को टक्कर मार क्षतिग्रस्त कर दिया था. बीते एक महीने में जयपुर में थार गाड़ी के कहर की यह पांचवीं घटना थी.

रात 12 बजे हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार, 16 फरवरी की रात 12 बजे के आस-पास को जयपुर के झोटवाड़ा, कांटा चौराहे के आगे महाराणा प्रताप चौराया स्कूल के ठीक सामने हुआ. हादसे में दोनों स्कूटी सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों की पहचान वीरेंद्र भरतपुर और मोहित शर्मा नाम से हुई है. ये दोनों दोस्त थे और जयपुर के पांचावाला इलाके में किराये पर रहते थे. कल रात ये दोनों युवक खाना खाने के बाद लौट रहे थे जब तेज़ स्कॉर्पियो  ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ऐक्टिवा स्कूटी उछलकर दूर जा गिरी.

हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित हो गई, लेकिन थोड़ी देर बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर भाग गया. फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है. साथ ही दूसरी जगहों से भी वीडियो खोजा जा रहा है क्योंकि अभी जो वीडियो मिला है उसमें गाड़ी के नंबर साफ़ नहीं दिख रहे हैं.

Show More
Back to top button