देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होती दिख रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 सितंबर को दिल्ली-NCR, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बारिश और गरज-चमक
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में 14 सितंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में सुबह बारिश का एक दौर देखने को मिल सकता है, जबकि दोपहर में भी कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
मुंबई और महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर
मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है, जबकि कोंकण में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मध्य महाराष्ट्र के पुणे, नासिक, अहमदनगर, सोलापुर, कोल्हापुर, सांगली, सतारा, धुले, जलगांव, नंदुरबार, मालेगांव, बारामती और लातूर समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों और विदर्भ में भी बारिश होने का अनुमान है। मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, झांसी, कानपुर और इटावा समेत कुछ जिलों में तेज बारिश की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सीतापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मैनपुरी, गाजीपुर, बलिया, बांदा, प्रयागराज, देवरिया, गोंडा, बलरामपुर, गोरखपुर, सोनभद्र और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मध्य प्रदेश में बारिश के साथ गरज-चमक
मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में 14 सितंबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
IMD ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, गुना, खंडवा, मुरैना, श्योपुर, विदिशा, अशोकनगर, नीमच, उमरिया, छिंदवाड़ा और कटनी समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
ओडिशा और बिहार में भी बारिश की संभावना
ओडिशा में कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ मानसूनी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भी चेतावनी है।
बिहार में कई जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी तेज बारिश का अनुमान
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, रायलसीमा और तेलंगाना में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और कर्नाटक में भी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, केरल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
IMD के ताजा पूर्वानुमान को देखते हुए बारिश और गरज-चमक वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





