यूपी में मौसम लेगा यू-टर्न, बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना - News Mobile
ताज़ा खबरेंमौसम

यूपी में मौसम लेगा यू-टर्न, बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही प्रदेश में पोस्ट-मानसून बारिश का पहला दौर शुरू हो गया है।

राजधानी लखनऊ में 7 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, सप्ताह के अंत तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। यह बारिश धीरे-धीरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों तक भी पहुंच सकती है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को गोरखपुर में 14.2 मिलीमीटर और आजमगढ़ में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है।

बारिश और बादलों के चलते प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की भी चेतावनी दी है। सप्ताह के अंत तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। मौसम में इस बदलाव के चलते लोगों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button