मनोरंजन

यहां हम सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं होता: चेक बाउंस मामले पर राजपाल यादव का भावुक बयान

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद अपनी आर्थिक परेशानियों पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि उनके पास चेक की रकम चुकाने के लिए पैसे नहीं थे और उन्हें कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस मुश्किल वक्त में उन्हें अकेले ही सब कुछ झेलना पड़ रहा है।

राजपाल यादव ने गुरुवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें और समय देने की उनकी मांग खारिज कर दी थी। कोर्ट ने साफ कहा था कि उन्हें 4 फरवरी तक सरेंडर करना था, लेकिन आदेश का पालन न करने के कारण अब कोई राहत नहीं दी जा सकती। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून के सामने सभी बराबर हैं, चाहे वह किसी भी पेशे से क्यों न हों।

Bollywood Hungama से बातचीत में राजपाल यादव ने अपनी हालत बयां करते हुए कहा, “सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। कोई और उपाय नजर नहीं आता।” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने इंडस्ट्री के दोस्तों या निर्देशक प्रियदर्शन जैसे करीबी लोगों से मदद मांगी, तो उन्होंने कहा, “सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं होता। इस संकट का सामना मुझे खुद ही करना है।”

क्या है चेक बाउंस मामला?

चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को पहले अदालत ने रकम चुकाने के लिए समय दिया था, लेकिन वह तय समयसीमा में भुगतान नहीं कर पाए। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें तुरंत सरेंडर करने का आदेश दिया।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी की ओर से सरेंडर के आदेश को वापस लेने की मांग में कोई दम नहीं है और उन्हें तत्काल तिहाड़ जेल के जेल अधीक्षक के सामने पेश होना होगा। आदेश जारी होने के बाद राजपाल यादव शाम करीब 4 बजे तिहाड़ जेल पहुंचे, जहां उन्होंने आत्मसमर्पण किया। फिलहाल यह मामला चर्चा में है और अभिनेता की निजी व आर्थिक मुश्किलों को लेकर भी काफी बातें हो रही हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button