विजय रूपाणी के निधन से गुजरात में शोक की लहर, अंतिम यात्रा में जुटे हजारों लोग

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज, सोमवार को राजकोट में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। विजय रूपाणी का निधन 12 जून को एअर इंडिया के विमान हादसे में हुआ था, जिसमें अब तक 274 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
सोमवार सुबह सिविल अस्पताल प्रशासन ने रूपाणी का पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपा। हादसे में उनका शव बुरी तरह जल गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। रविवार को डीएनए जांच के जरिए उनके पार्थिव शरीर की पुष्टि की गई। शव को सौंपे जाने के समय उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और अन्य परिजन मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे।
#WATCH | Former Gujarat CM Vijay Rupani’s last rites begin with state honours in Rajkot.
He died in the #AirIndiaPlaneCrash that occurred on June 12.. pic.twitter.com/mDIVSHQuoQ
— ANI (@ANI) June 16, 2025
रविवार देर रात उनका पार्थिव शरीर राजकोट पहुंचा, जहां सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर बाद उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। इस दुखद घटना पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने भी शोक जताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी, साइप्रस की जनता इस कठिन समय में आपके और भारत के साथ खड़ी है। हम इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।”
गौरतलब है कि विजय रूपाणी गुजरात के लोकप्रिय नेताओं में शामिल थे और उन्होंने 2016 से 2021 तक राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई थी। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है।





