मणिपुर के उखरूल में फिर भड़की हिंसा, करीब 50 घर जलाए गए, इंटरनेट बंद

मणिपुर के उखरूल जिले में मंगलवार सुबह एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। लिटान सरेइखोंग इलाके में हथियारबंद लोगों ने लगभग 50 घरों में आग लगा दी और भारी गोलीबारी हुई। इस हिंसा के चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि यह तनाव बीते सप्ताह एक तांगखुल नागा युवक पर कथित हमले के बाद बढ़ा, जिसके बाद तांगखुल नागा और कुकी-जो समुदायों के बीच झड़पें शुरू हो गईं। आग और धुएं के कारण कई पहाड़ी इलाकों से सैकड़ों लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, अपनी जान बचाकर पास के कांगपोकपी जिले में शरण लेने को मजबूर हो गए।
बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए मणिपुर सरकार ने उखरूल जिले में अगले पांच दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं बंद कर दी हैं। यह कदम सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को रोकने के लिए उठाया गया है। इसके साथ ही जिले के संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू भी लगा दिया गया है।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह और उपमुख्यमंत्री लोसी दीखो ने दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान हिंसा नहीं, बल्कि बातचीत से होना चाहिए।
प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।





