भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से शानदार क्लीन स्वीप किया है। इस बेहतरीन प्रदर्शन का असर ताजा आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में साफ देखने को मिल रहा है। भारतीय युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है, जिससे भारतीय खेमे में खुशी की लहर है।
वैष्णवी शर्मा ने गेंदबाजी रैंकिंग में मारी बाजी
20 साल की युवा बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने सीरीज के आखिरी दो मैचों में कुल नौ विकेट झटके, जिसका उन्हें जबरदस्त फायदा मिला है।
वैष्णवी ने दूसरे वनडे में चार विकेट लेने के बाद, तीसरे और अंतिम मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 39 रन देकर 5 विकेट (5/39) चटकाए। यह उनके वनडे करियर का महज तीसरा ही मैच था, जिसमें उनके इस कातिलाना प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।इस धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर वैष्णवी 53 पायदान की लंबी छलांग लगाकर सीधे 94वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
सायली सतघरे और क्रांति गौड़ को भी मिला रैंकिंग में फायदा
भारत की अन्य गेंदबाजों ने भी इस सीरीज में अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया है और रैंकिंग में सुधार किया है।
तेज गेंदबाज सायली सतघरे ने अंतिम वनडे में छह ओवरों में महज 11 रन देकर 2 विकेट लिए और 30 डॉट गेंदें फेंकी। इस अनुशासित प्रदर्शन के बूते वह 18 स्थान ऊपर चढ़कर 85वें नंबर पर पहुंच गई हैं। इसके अलावा, वडोदरा में दो विकेट लेने वाली क्रांति गौड़ भी एक पायदान के फायदे के साथ 24वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
बल्लेबाजी में प्रतिका रावल और शफाली वर्मा चमकीं
गेंदबाजी के साथ-साथ भारतीय बल्लेबाजों ने भी रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत की है।
प्रतिका रावल ने सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक जड़े हैं, जिसके दम पर वह तीन पायदान चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, विसफोटक बल्लेबाज शफाली वर्मा ने आखिरी वनडे में आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 51 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे उन्होंने 8 स्थानों की छलांग लगाई और संयुक्त रूप से 65वें स्थान पर कब्जा जमा लिया।
जिम्बाब्वे की खिलाड़ियों का भी हुआ सुधार
भले ही जिम्बाब्वे की टीम सीरीज हार गई, लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत प्रदर्शन से रैंकिंग में सुधार किया है। जिम्बाब्वे की गेंदबाज नॉमवेलो सिबांडा दो स्थान ऊपर चढ़कर 60वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने तीसरे वनडे की पहली ही गेंद पर यास्तिका भाटिया को आउट कर शानदार शुरुआत की थी। इसके अलावा, बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिकवा (37 रन) 3 स्थान की छलांग लगाकर 36वें और कप्तान जोसफिन न्कोमो दो पायदान चढ़कर 49वें स्थान पर पहुंच गई हैं।