अंडर-19 एशिया कप में वैभव सूर्यवंशी का धमाका, 95 गेंदों में खेली 171 रन की पारी

भारत के 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 एशिया कप के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी तेज़ तर्रार बल्लेबाज़ी से सबको चौंका दिया। दुबई के ICC एकेडमी ग्राउंड में UAE के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 56 गेंदों में शतक लगाकर भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की शुरुआत संभालने का जिम्मा वैभव ने उठाया और धीरे-धीरे अपनी पारी को रफ़्तार दी। छठी गेंद पर उन्होंने चौका लगाकर खाता खोला और इसके बाद अगले ही ओवर में लेफ्ट-आर्म सीमर की गेंदों पर दो छक्के जमाकर अपनी लय पकड़ ली। अपने शतक तक के सफर में उन्होंने 9 चौके और 5 छक्के लगाए। वैभव ने 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और बाद में 56 गेंदों में शतक बनाकर टीम की पारी को मजबूत किया।
यह वैभव सूर्यवंशी का इस साल छठा शतक है। इससे पहले वे इंग्लैंड दौरे पर भी एक युथ वनडे में सेंचुरी जड़ चुके हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते वे भारत के सबसे चर्चित युवा बल्लेबाज़ों में शामिल हो गए हैं। शतक के बाद वैभव अपनी पहली डबल सेंचुरी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 171 रन (95 गेंद) पर वे बोल्ड हो गए। इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 14 छक्के लगाए। उनकी यह पारी मैच की सबसे यादगार पारी साबित हुई।
युवा खिलाड़ी का फॉर्म सिर्फ युथ वनडे में ही नहीं, बल्कि T20 में भी दमदार रहा। बिहार की ओर से खेलते हुए उन्होंने 61 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 7 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत बिहार ने 20 ओवर में 176/3 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। वैभव सूर्यवंशी हाल ही में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत A टीम का हिस्सा थे और वहां भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। साल 2025 उनके लिए किसी सपने जैसा बीत रहा है, और उनके खेल को देखकर विशेषज्ञ मान रहे हैं कि आने वाले वर्षों में वे भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन सकते हैं।





