ईरान के तेल कारोबार से कथित संबंधों पर अमेरिका ने भारतीय कारोबारी और उनकी पत्नी पर लगाया प्रतिबंध

अमेरिका ने ईरान के तेल निर्यात पर लगे प्रतिबंधों से बचने में कथित तौर पर मदद करने के आरोप में चंडीगढ़ के कारोबारी सुनील कुमार शर्मा, उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद और भारत से जुड़ी नौ संस्थाओं पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इन लोगों ने समुद्री जहाजों के फर्जी पंजीकरण के जरिए ईरान के तेल कारोबार को छिपाने में मदद की।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने बुधवार को इस कार्रवाई की घोषणा की। इसमें दो भारतीय नागरिकों अश्वनी कुमार धीमान और इश्विंदर सिंह को भी निशाना बनाया गया है। आरोप है कि दोनों शर्मा और उनकी पत्नी से जुड़ी कंपनियों में निदेशक के तौर पर काम कर रहे थे।
2014 से समुद्री पंजीकरण में धोखाधड़ी का आरोप
अमेरिकी वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सुनील कुमार शर्मा और जसप्रीत प्रीति शाहिद कम से कम 2014 से समुद्री पंजीकरण में कथित धोखाधड़ी में शामिल थे।
आरोप है कि उन्होंने ऐसी वेबसाइटें और संस्थाएं संचालित कीं, जो खुद को गुयाना, माली, मोजाम्बिक और तिमोर-लेस्ते जैसे देशों के समुद्री प्राधिकरणों का प्रतिनिधि बताती थीं।
इनके नेटवर्क पर ईरानी तेल ले जाने वाले जहाजों को फर्जी पंजीकरण और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है। इससे जहाजों की असली पहचान और उनके मालिकाना हक को छिपाने में मदद मिलती थी। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इनमें से कुछ जहाज ईरान की सेना और उससे जुड़े संगठनों की ओर से भी संचालित होते थे।
ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई का हिस्सा
यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ का हिस्सा है। इसका उद्देश्य ईरान की तेल से होने वाली कमाई पर रोक लगाना और उसकी सैन्य गतिविधियों के वित्तपोषण की क्षमता को सीमित करना है।
अमेरिका ने इसी कार्रवाई के तहत तुर्किये स्थित कंपनी फुगो ग्राउंड सर्विसेज इंक पर भी प्रतिबंध लगाए हैं। कंपनी पर पहले से अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रही छह ईरानी एयरलाइंस को सेवाएं देने का आरोप है।
प्रतिबंधों के बाद क्या होगा?
अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत नामित व्यक्तियों और संस्थाओं की अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में आने वाली संपत्तियां फ्रीज कर दी जाएंगी। साथ ही, अमेरिकी नागरिकों और कंपनियों को आम तौर पर इन लोगों और संस्थाओं के साथ किसी भी तरह का कारोबारी लेनदेन करने से रोक दिया जाएगा, जब तक कि इसके लिए विशेष अनुमति न हो।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधों से बचने में मदद करने वाली गैर-अमेरिकी संस्थाओं को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।





