US Midterm Elections 2026: डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों पर किया कब्जा - News Mobile
ताज़ा खबरेंविदेश

US Midterm Elections 2026: डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों पर किया कब्जा

US Midterm Elections: अमेरिका में 2026 के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए संसद के दोनों सदनों—प्रतिनिधि सभा और सीनेट—में बहुमत हासिल कर लिया है। इस नतीजे के साथ जनवरी 2027 से अमेरिकी कांग्रेस पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होगा। इससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए अपने कार्यकाल के अगले दो वर्षों में कानून और नीतियों को आगे बढ़ाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

चुनाव नतीजों के बाद रिपब्लिकन पार्टी को कई पारंपरिक रूप से मजबूत राज्यों में हार का सामना करना पड़ा। टेक्सास में डेमोक्रेट्स ने 32 साल बाद गवर्नर पद पर जीत दर्ज की, जबकि सीनेट की कई अहम सीटों पर भी पार्टी ने जीत हासिल की।

टेक्सास में 32 साल बाद डेमोक्रेट्स की वापसी

टेक्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जीना हिनोजोसा ने मौजूदा रिपब्लिकन गवर्नर ग्रेग एबॉट को हराकर जीत दर्ज की। इसके साथ ही वह टेक्सास की पहली डेमोक्रेटिक महिला गवर्नर बनेंगी। राज्य में 1995 के बाद पहली बार डेमोक्रेटिक पार्टी का गवर्नर चुना गया है।

वहीं, जेम्स टालारिको ने रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को हराकर टेक्सास से सीनेट सीट भी डेमोक्रेट्स के खाते में डाल दी। राज्य में 1988 के बाद पहली बार डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने सीनेट चुनाव जीता है।

सीनेट में डेमोक्रेट्स को अहम जीत

नॉर्थ कैरोलिना में पूर्व गवर्नर रॉय कूपर ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइकल व्हाटली को हराकर रिपब्लिकन के कब्जे वाली सीट डेमोक्रेट्स के नाम की। जॉर्जिया में जॉन ओसॉफ ने दोबारा जीत हासिल की, जबकि न्यू हैम्पशायर में क्रिस पैपस ने जॉन सुनुनू को हराया।

इलिनॉय में जूलियाना स्ट्रैटन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डॉन ट्रेसी को मात दी। ओहायो में शेरोड ब्राउन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन हस्टेड को हराकर सीनेट में वापसी की। इसके अलावा कंसास में एडम हैमिल्टन, आयोवा में जोश टुरेक और ओरेगन में जेफ मर्कले ने भी जीत दर्ज की।

हालांकि, मोंटाना में रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्ट अल्मे ने जीत हासिल की। अलास्का और मिसिसिपी की कुछ सीटों पर मतगणना जारी रहने के दौरान नतीजे स्पष्ट होने बाकी थे।

प्रतिनिधि सभा में भी डेमोक्रेट्स आगे

प्रतिनिधि सभा के चुनावों में भी डेमोक्रेट्स ने बढ़त बनाई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पार्टी 223 सीटों पर आगे थी, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार 131 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थे।

न्यूयॉर्क की 17वीं कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट सीट पर रिपब्लिकन सांसद माइक लॉरल ने डेमोक्रेट कैट कॉनली से हार स्वीकार कर ली। कोलोराडो से मेलैट किरोस 29 साल की उम्र में अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुनी जाने वाली पहली जेनरेशन जेड महिला बनीं।

भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया दांडिया ने फ्लोरिडा की हाउस सीट पर जीत दर्ज की। वहीं, कैलिफोर्निया से भारतीय-अमेरिकी सांसद अमी बेरा ने आठवीं बार जीत हासिल की। सुहास सुब्रमण्यम ने वर्जीनिया से दोबारा जीत दर्ज की, जबकि अरुणा मिलर मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर बनी रहेंगी।

गवर्नर चुनावों में भी डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत

जॉर्जिया में पूर्व अटलांटा मेयर कीशा लांस बॉटम्स ने रिपब्लिकन उम्मीदवार रिक जैक्सन को हराकर इतिहास रच दिया। वह अमेरिका के किसी राज्य की पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनीं। उनकी जीत के साथ जॉर्जिया में करीब तीन दशक से चला आ रहा रिपब्लिकन शासन भी समाप्त हो गया।

ओहायो में एमी एक्टन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को हराया। वह राज्य की पहली महिला गवर्नर बनेंगी। टेक्सास में जीना हिनोजोसा की जीत के साथ वह राज्य की पहली लैटिना गवर्नर भी बनेंगी।

इसके अलावा कैलिफोर्निया में जेवियर बेसेरा, नेवादा में आरोन फोर्ड और एरिजोना में केटी हॉब्स ने भी जीत दर्ज की।

ट्रंप ने हार को बताया उम्मीदवारों की जिम्मेदारी

चुनाव नतीजों के बाद ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी की हार से खुद को अलग रखते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत हार नहीं है। उन्होंने पार्टी के उम्मीदवारों को हार के लिए जिम्मेदार ठहराया और डेमोक्रेट्स की जीत पर कहा कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन के पीछे ईरान के साथ युद्ध और बढ़ती महंगाई को प्रमुख वजहों में गिनाया। वहीं, प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन ने अगले कांग्रेस सत्र में रिपब्लिकन नेतृत्व पद के लिए दावा नहीं करने की बात कही।

महंगाई और ईरान युद्ध रहे प्रमुख मुद्दे

एसोसिएटेड प्रेस के मतदाता सर्वेक्षण के मुताबिक, करीब तीन-चौथाई मतदाता देश की दिशा से नाराज या असंतुष्ट थे। बड़ी संख्या में लोगों ने महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत के कारण आर्थिक परेशानियों की बात कही।

अर्थव्यवस्था, आव्रजन और ईरान युद्ध भी चुनाव में प्रमुख मुद्दे रहे। डेमोक्रेट्स के दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने के बाद ट्रंप प्रशासन की नीतियों पर कांग्रेस की निगरानी बढ़ सकती है। डेमोक्रेटिक नेताओं ने प्रशासन के अधिकारियों की जांच और राष्ट्रपति की नीतियों की समीक्षा करने के संकेत दिए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button