केंद्रीय बजट 2026-27: कौन सी चीजें होंगी सस्ती और क्या होगा महंगा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को केंद्र सरकार का बजट 2026-27 पेश किया। इस साल का बजट ऐसे समय में आया है जब अमेरिका की टैरिफ नीति को लेकर वैश्विक अस्थिरता बढ़ रही है। बजट में सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुछ वस्तुएं आम लोगों के लिए सस्ती होंगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में खर्च बढ़ सकता है।
सस्ती होने वाली चीजें:
खेल सामग्री: ‘खेलो इंडिया मिशन’ के तहत खेलों के क्षेत्र में रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। इससे खेल से जुड़ी चीजें सस्ती हो सकती हैं।
चमड़े के सामान: चमड़े और जूते बनाने की कुछ सामग्रियों पर आयात शुल्क हटाने की योजना है।
कैंसर की दवाइयां: 17 कैंसर दवाओं पर कस्टम ड्यूटी छूट दी जाएगी और 7 दुर्लभ रोगों के लिए व्यक्तिगत दवा आयात पर भी छूट होगी।
समुद्री मछली: क्षेत्रीय जल से बाहर मछली पकड़ने पर शुल्क मुक्त किया गया है, जिससे मछुआरों को फायदा होगा।
माइक्रोवेव ओवन: माइक्रोवेव बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुछ पुर्जों पर कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है।
सोलर पैनल और EV बैटरी: सोलर पैनल और लिथियम-आयन बैटरी बनाने वाले कुछ उपकरणों पर आयात शुल्क मुक्त किया गया है। इससे घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
व्यक्तिगत उपयोग की चीजें: व्यक्तिगत उपयोग के लिए लाए जाने वाले सभी सामान पर आयात शुल्क 20% से घटाकर 10% कर दिया गया है।
विदेश यात्रा: विदेश यात्रा के पैकेज पर टीसीएस (TCS) 5% और 20% की बजाय सिर्फ 2% लिया जाएगा।
विदेश में पढ़ाई और इलाज: एलआरएस (LRS) के तहत शिक्षा और इलाज के लिए भेजे जाने वाले पैसे पर भी टीसीएस 5% से घटाकर 2% किया गया।
महंगी होने वाली चीजें:
ट्रेडिंग और कॉर्पोरेट नकदी वितरण: सरकार ने बायबैक टैक्स, सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) और कुछ वस्तुओं पर टीसीएस बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। इसका असर ट्रेडिंग और कॉर्पोरेट नकदी वितरण पर पड़ेगा।
वीडियो गेम्स: अब वीडियो गेम्स बनाने वाले पुर्जों पर कस्टम ड्यूटी छूट नहीं मिलेगी। इसका मतलब है कि वीडियो गेम कंसोल और लोकल असेंबलिंग पर खर्च बढ़ सकता है।
इस बजट से स्पष्ट है कि सरकार ने कुछ क्षेत्रों में लोगों और उद्योगों के लिए राहत दी है, जबकि कुछ जगहों पर टैक्स कंप्लायंस और खर्च बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं।





