महाराष्ट्र के ‘रॉकस्टार’ अफसर पर दुनिया की नजर, न्यूयॉर्क टाइम्स ने की तुकाराम मुंडे की तारीफ

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे के काम करने के तरीके ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी हैं. अमेरिका के प्रतिष्ठित अखबार ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ (The New York Times) ने अपने फ्रंट पेज पर तुकाराम मुंडे को ‘रॉकस्टार’ करार दिया है। उनकी सख्त कार्यशैली और ताबड़तोड़ छापों को देखते हुए अखबार ने इसे ‘तुकाराम मुंडे इफेक्ट’ नाम दिया है।
‘डिनर करते हैं सम्मान, मालिक करते हैं खौफ’
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अपने लेख में लिखा है कि तुकाराम मुंडे की छाप ऐसी है कि जहां एक तरफ आम लोग और ग्राहक उनका सम्मान करते हैं, वहीं दूसरी तरफ नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल और रेस्टोरेंट के मालिक उनसे थर-थर कांपते हैं। अखबार ने उन्हें ‘फूड सेफ्टी सेलिब्रिटी’ बताते हुए यह भी रेखांकित किया है कि उनकी नजरों से कोई भी अनियमितता बच नहीं पाती है।
मई 2026 से संभाला है कार्यभार, ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी
तुकाराम मुंडे ने जब से मई 2026 में एफडीए कमिश्नर का पद संभाला है, तब से उनकी टीम ने राज्यभर में 12,000 से अधिक निरीक्षण किए हैं। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर हजारों नोटिस जारी किए गए हैं और सैकड़ों लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। हाल ही में त्योहारी सीजन के दौरान 23 सितंबर से 27 सितंबर के बीच ही प्रशासन ने 50,601.78 किलोग्राम अमानक खाद्य सामग्री जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये है।
कौन हैं तुकाराम मुंडे?
तुकाराम मुंडे साल 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जिन्हें उनकी ईमानदारी और बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता है। जनता के बीच उन्हें अक्सर ‘सिंघम’ या ‘नायक’ कहकर पुकारा जाता है। इससे पहले बीबीसी और रॉयटर्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान भी उनकी कार्यशैली और मुंबई में उनके छापों पर रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं।
अधिकारी ने दी प्रतिक्रिया
अंतरराष्ट्रीय अखबार में नाम आने के बाद तुकाराम मुंडे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा, “सुशासन सुर्खियां बटोरने के बारे में नहीं है, बल्कि एक वास्तविक बदलाव लाने के बारे में है.” उन्होंने आगे कहा कि खाद्य सुरक्षा का असली मकसद लोगों की रक्षा करना, मानकों को बनाए रखना और जनता का भरोसा मजबूत करना है।





