ट्रंप ने कांग्रेस से स्थायी डेलाइट सेविंग टाइम लागू करने वाला विधेयक पास करने की अपील की

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस से ‘सनशाइन प्रोटेक्शन एक्ट’ पारित करने की अपील की है। इस विधेयक का उद्देश्य अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में डेलाइट सेविंग टाइम को स्थायी बनाना और साल में दो बार घड़ी का समय बदलने की व्यवस्था खत्म करना है।
ट्रंप ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में नवंबर की शुरुआत में घड़ियों का समय बदलने के बाद जल्दी अंधेरा होने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को समय बदलने के बाद सूरज शाम 5:06 बजे डूब गया था और 5:31 बजे तक अंधेरा हो गया था।
ट्रंप ने कहा कि मध्यावधि चुनाव से पहले उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता नहीं दी, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि कुछ रिपब्लिकन सीनेटरों को चुनाव में नुकसान उठाना पड़े। उन्होंने विधेयक के समर्थन की बात दोहराते हुए कांग्रेस से इसे आगे बढ़ाने की अपील की।
प्रतिनिधि सभा से पास, सीनेट में अटका विधेयक
‘सनशाइन प्रोटेक्शन एक्ट’ को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने 14 जुलाई 2026 को 308 के मुकाबले 117 वोटों से पारित किया था। इसके अगले दिन इसे सीनेट की वाणिज्य, विज्ञान और परिवहन समिति के पास भेज दिया गया। हालांकि, अभी तक इसे सीनेट में मतदान के लिए पेश नहीं किया गया है।
विधेयक को लेकर सांसदों में मतभेद
स्थायी डेलाइट सेविंग टाइम को लेकर सांसदों की राय अलग-अलग है। सीनेटर टॉम कॉटन ने इसका विरोध किया है। उनका तर्क है कि सर्दियों में इस व्यवस्था के कारण सूर्योदय काफी देर से हो सकता है, जिससे बच्चों को अंधेरे में स्कूल जाना पड़ सकता है।
वहीं, कुछ सांसदों ने ‘सनशाइन फॉर आवर किड्स एक्ट’ नाम से एक अलग विधेयक भी प्रस्तावित किया है। इसका उद्देश्य पूरे साल स्टैंडर्ड टाइम लागू करना है।
सर्वे में क्या सामने आया?
एपी-नॉरक के एक सर्वेक्षण के मुताबिक, अमेरिका के 56 प्रतिशत वयस्क पूरे साल डेलाइट सेविंग टाइम के पक्ष में हैं, जबकि 42 प्रतिशत लोग स्थायी स्टैंडर्ड टाइम चाहते हैं।
फिलहाल अमेरिकी संघीय कानून के तहत साल में दो बार घड़ी का समय बदलने की व्यवस्था जारी रहेगी। इसमें बदलाव के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी है.