मनोरंजन

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें बढ़ीं, मुंबई पुलिस ने दर्ज किए तीन केस

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा की कानूनी परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने उन्हें दो बार पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वह अब तक पेश नहीं हुए हैं।

मुंबई पुलिस के अनुसार, कुणाल कामरा के खिलाफ दर्ज शिकायतों में से एक जलगांव शहर के मेयर की ओर से दी गई है। इसके अलावा, नासिक के एक होटल व्यवसायी और एक व्यापारी ने भी उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस इन शिकायतों की जांच में जुटी हुई है।

इस बीच, शुक्रवार को कुणाल कामरा ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की। अपनी याचिका में उन्होंने दलील दी कि वह तमिलनाडु के वल्लुपुरम जिले से हैं और उन्हें मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने का डर है। हाईकोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए राजनेता को लेकर कथित विवादास्पद टिप्पणी के मामलों में 7 अप्रैल तक अंतरिम अग्रिम जमानत प्रदान कर दी। न्यायमूर्ति सुंदर मोहन ने शर्तों के साथ यह राहत दी है।

कामरा ने अपने एक कॉमेडी शो के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बिना नाम लिए गाने के माध्यम से तंज कसा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे शिवसेना समर्थकों में आक्रोश फैल गया। विरोध जताते हुए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उस क्लब में तोड़फोड़ कर दी, जहां यह शो हुआ था। इसके बाद कामरा के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई।

इस विवाद के बाद से ही सोशल मीडिया पर भी कुणाल कामरा को भारी आलोचना झेलनी पड़ रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button