भारत

ओडिशा में ट्रेन हादसा: कामाख्या एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतरे

ओडिशा के कटक जिले में रविवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा हुआ, जब बेंगलुरु से गुवाहाटी जाने वाली कामाख्या एक्सप्रेस (12251) के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना नेरगुंडी स्टेशन (खुर्दा डिवीजन) के पास सुबह 11:54 बजे हुई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में ट्रेन के 11 एसी कोच पटरी से उतर गए हैं, लेकिन किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। रेलवे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना राहत ट्रेन और आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों को मौके पर भेज दिया है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, डीआरएम खुर्दा रोड और जीएम/ईसीओआर घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता ट्रेन मार्ग को साफ कर अन्य प्रतीक्षा कर रही ट्रेनों को डायवर्ट करना है। हादसे के कारणों की जांच के बाद विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

इस दुर्घटना को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

घटनास्थल का हेल्पलाइन नंबर: 8991124238

कटक रेलवे स्टेशन हेल्पलाइन नंबर: 8991124238

ओडिशा में इससे पहले भी कई ट्रेन हादसे हो चुके हैं। 2023 में बालासोर में हुए भीषण ट्रेन हादसे में तीन ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं, जिसमें 296 से अधिक लोगों की मौत हुई और 1200 से ज्यादा यात्री घायल हुए थे। 2022 में कोराई रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी पटरी से उतरकर स्टेशन की इमारत से टकरा गई थी, जिसमें 2 लोगों की जान चली गई थी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button