सनी देओल की ‘जाट’ का ट्रेलर रिलीज, रणदीप हुड्डा बने खूंखार विलेन

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जाट’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसने फैंस की उत्सुकता को दोगुना कर दिया है। खास बात यह है कि इस फिल्म में अभिनेता रणदीप हुड्डा विलेन के किरदार में दिखाई देंगे। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘जाट’ के ट्रेलर में सनी देओल हमेशा की तरह दमदार डायलॉग और एक्शन सीक्वेंस के साथ नजर आ रहे हैं। फिल्म में रणदीप हुड्डा खूंखार खलनायक राणातुंगा के किरदार में हैं, जिनका गांव में जबरदस्त खौफ है। ट्रेलर में रणदीप की जबरदस्त एक्टिंग और दमदार डायलॉग्स दर्शकों को इंप्रेस कर रहे हैं।
मैत्री मूवी के बैनर तले बनी इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सनी देओल, रणदीप हुड्डा और पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। सनी देओल ने इससे पहले ‘गदर 2’ में अपने शानदार प्रदर्शन से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया था और अब ‘जाट’ से भी दर्शकों को जबरदस्त उम्मीदें हैं।
फिल्म के ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर धमाल मचा दिया है और सनी देओल के प्रशंसक इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। एक्शन और इमोशन से भरपूर यह फिल्म बड़े पर्दे पर कितनी धमाल मचाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा।





