Son Of Sardaar 2 का ट्रेलर रिलीज, 25 जुलाई को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

25 जुलाई को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार एक्टर अजय देवगन की आगामी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है. फिल्म में अजय देवगन के साथ मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. वहीं साथ में नीरू बाजवा, साहिल मेहता, संजय दत्त और रवि किशन जैसे सितारे नजर आ रहे हैं. जबकि दिवंगत एक्टर मुकुल देव भी इस फिल्म में आखिरी बार नजर आएंगे.
यह फिल्म 2012 में रिलीज हुई सन ऑफ सरदार की स्प्रिचुअल सीक्वल है. जो इस साल 25 जुलाई को सिनेमाघरों में लगेगी.
ट्रेलर में क्या है?
लगभग तीन मिनट के ट्रेलर में दिखाया गया है कि इस बार सरदार की कहानी देश में नहीं बल्कि विदेश में होगी. अजय देवगन और वामिका गब्बी एक जोड़े की शादी कराना चाहते हैं. जिसमें कई अड़चनें आती हैं. इस अड़चन और शादी की उलझनों में लिपटी हुई कहानी बड़े पर्दे पर धमाका करने वाली है. ट्रेलर में अजय देवगन और वामिका गब्बी का रोमांस भी दिखा है. ट्रेलर में संजय मिश्रा और रवि किशन अलग अंदाज में नजर आए हैं. ट्रेलर में देखा जा सकता है कि अजय देवगन ने एक चालाक सरदार का किरदार निभाया है. हालांकि ट्रेलर के आखिर में वह अपने मकसद के लिए गंभीर हो जाते हैं.
इससे पहले 23 जून को अजय देवगन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ का एक मोशन पोस्टर जारी किया था. इसमें एक्टर के कड़े से बिजली निकलती नजर आ रही थी. अजय का यह अंदाज फैंस को बहुत पसंद आया था. मोशन पोस्टर के साथ अजय देवगन ने फिल्म का पोस्टर भी जारी किया था, जिसमें अजय निडर नजर आ रहे थे.
बताया जाता है कि सबसे पहले इस फिल्म की शूटिंग जुलाई 2024 में एडिनबर्ग में हुई थी. यहां 50 दिनों तक शूटिंग हुई. इसके बाद इसकी शूटिंग यूनाइटेड किंगडम के लंदन में हुई. फिल्म की शूटिंग पंजाब में भी हुई. अप्रैल 2025 को, कुबरा सैत ने अपनी डबिंग पूरी की.
यह फिल्म 25 जुलाई 2025 को रिलीज होगी.





