कुणाल खेमू की ‘वाइब’ का ट्रेलर रिलीज, प्रीति जिंटा के साथ दिखेगा एक्शन और कॉमेडी का तड़का

कुणाल खेमू की आने वाली फिल्म ‘वाइब’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म है, जिसे कुणाल खेमू ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म में कुणाल के साथ स्पर्श श्रीवास्तव और प्रीति जिंटा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘वाइब’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में कुणाल खेमू हार्दिक और स्पर्श श्रीवास्तव बग्स के किरदार में हैं। दोनों करीबी दोस्त हैं, लेकिन उनकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब वे एक खतरनाक मिशन में फंस जाते हैं। देश के सामने मंडरा रहे खतरे के बीच दोनों को एक ऐसी जिम्मेदारी मिलती है, जिसके लिए वे बिल्कुल तैयार नहीं हैं।
ट्रेलर में दोनों दोस्तों के बीच जबरदस्त दोस्ती के साथ कॉमेडी और एक्शन देखने को मिलता है। हालात लगातार बिगड़ते जाते हैं और हार्दिक-बग्स को अपनी जान बचाने के साथ-साथ मिशन को पूरा करने की कोशिश करनी पड़ती है।
एक्शन अवतार में दिखेंगी प्रीति जिंटा
फिल्म में प्रीति जिंटा ‘मैडम एच’ के किरदार में नजर आएंगी। ट्रेलर में उनका किरदार काफी दमदार नजर आ रहा है। वह हार्दिक और बग्स को इस मिशन में शामिल करती हैं। प्रीति का यह अंदाज एक्शन और कॉमेडी से भरपूर है।
फिल्म में वंशिका धीर, यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कुणाल खेमू ने बताया कैसी है फिल्म
कुणाल खेमू ने बताया कि वह ‘वाइब’ के जरिए दर्शकों को एक ऐसी फिल्म देना चाहते थे, जिसे परिवार और दोस्तों के साथ सिनेमाघरों में बैठकर देखा जा सके। फिल्म में कॉमेडी, एक्शन, रोमांस और संगीत का मिश्रण देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि फिल्म की कॉमेडी ऐसे आम लोगों से निकलती है, जो अचानक ऐसी मुसीबत में फंस जाते हैं, जिस पर उनका कोई नियंत्रण नहीं होता। कुणाल के मुताबिक, फिल्म में पीछा करने वाले सीन, खतरा, दोस्ती, उलझन और कई गलत फैसलों का मजेदार मिश्रण देखने को मिलेगा।
प्रीति जिंटा ने भी अपने किरदार को लेकर कहा कि उनका किरदार अपने देश से बहुत प्यार करता है और उसकी रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि इस भूमिका में दर्शकों को उनका एक अलग अंदाज देखने को मिलेगा। ‘वाइब’ का निर्माण कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





