मनोरंजन

इमरान हाशमी की फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ का ट्रेलर रिलीज, सच्ची घटना पर आधारित है दमदार कहानी

साल 2025 में कई बड़ी फिल्मों की रिलीज होने वाली है और इन्हीं में से एक है इमरान हाशमी स्टारर ‘ग्राउंड जीरो’। 7 अप्रैल को इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में इमरान हाशमी बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट नरेंद्र नाथ दुबे की भूमिका निभा रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी एक सच्ची घटना पर आधारित है, जो 2001 में कश्मीर में हुए एक भीषण आतंकी हमले को दर्शाती है, जिसमें 70 जवान शहीद हो गए थे।

ग्राउंड जीरो का निर्देशन तेजस देओस्कर ने किया है, जबकि इसका निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म का टीज़र मार्च के अंत में रिलीज हुआ था और अब ट्रेलर की रिलीज के बाद फैंस का उत्साह चरम पर है।

फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा मुकेश तिवारी, दीपक परमेश, ललित प्रभाकर, रॉकी रैना, साई ताम्हणकर और जोया हुसैन जैसे प्रतिभाशाली कलाकार भी नज़र आएंगे। फिल्म में एक्शन और इमोशन का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा, साथ ही दमदार डायलॉग्स भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। ट्रेलर में इमरान का एक डायलॉग – “पहरेदारी बहुत हो गई, अब प्रहार होगा” – सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ को बीएसएफ के बीते 50 सालों के सबसे बड़े मिशन पर आधारित बताया जा रहा है। यह फिल्म 25 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और माना जा रहा है कि यह बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button