सुनामी और तबाही के बीच फंसे टॉम क्रूज, ‘Digger’ का फाइनल ट्रेलर हुआ रिलीज

हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज की मच-अवेटेड फिल्म ‘Digger’ का फाइनल ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में टॉम क्रूज एक रहस्यमयी और सनकी तेल कारोबारी डिगर रॉकवेल के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अलेजांद्रो जी. इनारितु ने किया है। फिल्म में बड़े स्तर का एक्शन, तबाही और डार्क ह्यूमर देखने को मिलेगा।
ट्रेलर की शुरुआत डिगर रॉकवेल की ड्रिलिंग से जुड़ी एक बड़ी तबाही से होती है। इस हादसे के बाद सुनामी आती है और बड़े पैमाने पर नुकसान होता है। इस आपदा में सैकड़ों हजारों लोगों की जान जाने की बात सामने आती है। इसके बाद डिगर को लोगों के गुस्से और राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ता है।
हादसे के लिए डिगर को जिम्मेदार ठहराया जाता है और उसे विलेन तक कहा जाता है। हालांकि, डिगर खुद को दोषी मानने के बजाय यह समझता है कि इस संकट को सिर्फ वही खत्म कर सकता है। ट्रेलर में वह हालात को अपने हाथ में लेने की कोशिश करता दिखाई देता है, जबकि माना जा रहा है कि इस पूरी तबाही की शुरुआत कहीं न कहीं उसी की वजह से हुई है।
ट्रेलर में एक जगह “We trust Digger!” का डायलॉग भी सुनाई देता है। संकट बढ़ने के साथ कई ताकतवर लोग भी डिगर पर भरोसा करते नजर आते हैं और उससे इस मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने की उम्मीद करते हैं।
स्टार्स से सजी है फिल्म
फिल्म में टॉम क्रूज के साथ रिज अहमद, जॉन गुडमैन, सैंड्रा ह्यूलर, माइकल स्टुहलबर्ग और जेसी प्लेमन्स भी अहम भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा रॉबर्ट जॉन बर्क, एम्मा डार्सी, बर्न गोरमन और सोफी वाइल्ड भी फिल्म का हिस्सा हैं।
‘Digger’ का निर्देशन अलेजांद्रो जी. इनारितु ने किया है, जो ‘Birdman’ और ‘The Revenant’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अलेक्जेंडर डिनेलारिस, निकोलस जियाकोबोन और सबीना बरमन के साथ मिलकर फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है। फिल्म को इनारितु, मैरी पैरेंट, टॉम क्रूज और माइकल शार्प ने प्रोड्यूस किया है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता इमैनुएल लुबेज्की ने संभाली है।
2 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘Digger’ की शूटिंग पूरी तरह VistaVision में की गई है, जिससे फिल्म के बड़े एक्शन और तबाही वाले सीन्स को बड़े पर्दे पर शानदार तरीके से दिखाया जा सके। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को भारत में सिनेमाघरों और IMAX में रिलीज होगी। भारत में इसे Warner Bros. Pictures रिलीज करेगी।





